काम की बात: स्मार्टफोन में हिंदी टाइपिंग करना चाहते हैं तो जान लीजिए आसान तरीका

आजकल हिंदी सीखने वालों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है और सिर्फ देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी। इसके अलावा स्मार्टफोन्स में भी हिंदी टाइपिंग यानी हिंदी में लिखने का क्रेज बढ़ा है। बहुत सारे लोग अब अंग्रेजी में मैसेज भेजने के बजाय हिंदी में लिखकर अपने दोस्तों आदि को भेज रहे हैं। यहां तक कि सोशल मीडिया पर भी लोग हिंदी में ही अपनी बात रख रहे हैं। वैसे तो स्मार्टफोन्स में हिंदी टाइपिंग का विकल्प मिल ही रहा है, लेकिन अगर आपके स्मार्टफोन में यह सुविधा नहीं है तो इसके लिए आपको अलग से कुछ करना पड़ेगा। गूगल प्ले स्टोर पर ऐसे कई एप उपलब्ध हैं, जिन्हें इंस्टॉल कर आप अपने फोन में हिंदी टाइपिंग कर सकते हैं।आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ एप्स के बारे में...

गूगल इंडिक कीबोर्ड में हिंदी समेत कई भाषाएं मौजूद हैं। गूगल प्ले स्टोर से आप इस एप को डाउनलोड कर सकते हैं। इसकी खास बात ये है कि हिंदी में लिखने के लिए अगर आप अंग्रेजी के अक्षरों में टाइप करेंगे तो टाइपिंग हिंदी में ही होगी। यहां हिंग्लिश मोड का भी ऑप्शन मिलता है।

स्विफ्टकी कीबोर्ड की मदद से भी आप अपने स्मार्टफोन में हिंदी टाइपिंग कर सकते हैं। यह एप भी गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है, जहां से आप डाउनलोड कर सकते हैं। इस एप में इमोजी और 80 से ज्यादा कलर आदि के विकल्प भी मिलते हैं।