इस सप्ताह की टेक्नोलॉजी की तमाम बड़ी खबरों पर एक नजर

इस सप्ताह टेक वर्ल्ड की खबरों में आपका स्वागत है। प्रत्येक सप्ताह की तरह इस बार भी हम आपके लिए लेकर आए हैं टेक्नोलॉजी की दुनिया की बड़ी खबरें। तो आइए देखते हैं इस 11 जून से 17 जून तक टेक वर्ल्ड में क्या हुआ?

भारत में लॉन्च हुए नोकिया 3, 5 और 6
नोकिया और एचएमडी ग्लोबल ने भारत में अपने तीन पहले एंड्रॉयड फोन नोकिया 3, नोकिया 5 और नोकिया 6 को लॉन्च कर दिया है। इन स्मार्टफोन की कीमत क्रमशः 9,499 रुपये, 12,899 रुपये और 14,999 रुपये है। नोकिया 3 की बिक्री ऑफलाइन रिटेल स्टोर से शुरू हो गई है, जबकि नोकिया 6 की बिक्री 14 जुलाई से अमेजॉन से होगी, वहीं नोकिया 5 के प्री-बुकिंग 5 जुलाई से होगी।

LG G6 हुआ 13,000 रुपये सस्ता
हाल ही में भारत में लॉन्च हुए एलजी जी6 कीमत में 13,000 रुपये की कटौती हुई है। अब इस फोन को अमेजॉन से 38,990 रुपये में खरीदा जा सकता है। फोन 51,990 रुपये में लॉन्च हुआ था।