अब पोस्टपेड टैरिफ बढ़ाने की तैयारी में कंपनियां, छह करोड़ यूजर्स पर पड़ेगा असर

प्रीपेड उपभोक्ताओं का मोबाइल खर्च डेढ़ गुना तक बढ़ाने के बाद दूरसंचार कंपनियों की निगाह पोस्टपेड ग्राहकों पर है। क्षेत्र के विश्लेषकों का कहना है कि वोडाफोन आइडिया और एयरटेल आने वाले कुछ दिनों में पोस्टपेड प्लान की दरें बढ़ाने की घोषणा कर सकती हैं। कंपनियों के कुल राजस्व में पोस्टपेड उपभोक्ताओं की भागीदारी करीब 25 फीसदी है।

वैश्विक रेटिंग एजेंसियों और विश्लेषक फर्मों की साझा रिपोर्ट के अनुसार, 3 दिसंबर से वोडा आइडिया और एयरटेल के प्रीपेड प्लान की दरें 15 से 50 फीसदी तक बढ़ गई हैं। इससे भारी घाटे और बकाए के बोझ तले दबी कंपनियों को कुछ राहत मिलेगी लेकिन कमाई में ज्यादा इजाफा करने के लिए पोस्टपेड प्लान भी महंगे हो सकते हैं। वित्तीय सेवा कंपनी एमके ग्लोबल का कहना है कि अगले कुछ दिनों में ही एयरटेल और वोडाफोन इंडिया लिमिटेड पोस्टपेड प्लान के टैरिफ चार्ज में बदलाव का एलान कर सकती हैं।

एक्सिस कैपिटल ने कहा कि प्रीपेड प्लान पर टैरिफ बढ़ाने से इन कंपनियों की प्रति यूजर औसत कमाई 25 से 30 फीसदी बढ़ाने का अनुमान है, जिससे एयरटेल का राजस्व करीब 9,500 करोड़ और वोडा का 8,500 करोड़ रुपये बढ़ सकता है। फिर भी कंपनियों को स्पेक्ट्रम बकाया चुकाने के लिए और राशि की जरूरत होगी, जो वे पोस्टपेड ग्राहकों से वसूल सकती हैं।