गूगल पर भेदभाव का आरोप: FTC ने सुंदर पिचाई को चेताया, रिपब्लिकन ईमेल्स को स्पैम में भेजने पर होगी जांच
अमेरिका की फेडरल ट्रेड कमीशन (FTC) के चेयरमैन एंड्रयू फर्ग्यूसन ने गूगल सीईओ सुंदर पिचाई को चेतावनी दी है। उनका आरोप है कि Gmail रिपब्लिकन नेताओं की ईमेल्स को स्पैम में भेज देता है, जबकि डेमोक्रेट्स को लेकर ऐसा नहीं होता।

अमेरिका की फेडरल ट्रेड कमीशन (FTC) के प्रमुख एंड्रयू फर्ग्यूसन ने अल्फाबेट और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई को एक सख्त पत्र लिखकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि Gmail के स्पैम फिल्टर रिपब्लिकन नेताओं की ईमेल्स को लगातार ब्लॉक करते हैं, जबकि डेमोक्रेट्स की ओर से आने वाले संदेश बिना बाधा यूजर्स तक पहुंच जाते हैं।

नियमों के उल्लंघन का लगा आरोप
अपने पत्र में फर्ग्यूसन ने लिखा, “हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Gmail के फिल्टर अक्सर रिपब्लिकन भेजने वालों के मैसेज रोकते हैं, लेकिन डेमोक्रेट्स के संदेशों पर यही नियम लागू नहीं होता।” उन्होंने आगे चेतावनी दी कि अगर Gmail के फिल्टर अमेरिकी नागरिकों को उनकी अपेक्षित जानकारी और राजनीतिक योगदान से रोकते हैं, तो यह न केवल उपभोक्ताओं को नुकसान पहुंचाएगा बल्कि FTC अधिनियम का उल्लंघन भी माना जाएगा।

गूगल ने आरोपों को नकारा
गूगल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उसके स्पैम फिल्टर किसी भी राजनीतिक विचारधारा के आधार पर भेदभाव नहीं करते। कंपनी ने स्पष्ट किया कि Gmail के फिल्टर कई ऑब्जेक्टिव सिग्नल्स पर काम करते हैं, जैसे - क्या लोग किसी ईमेल को बार-बार स्पैम मार्क कर रहे हैं या कोई एजेंसी बहुत अधिक ईमेल भेज रही है जिन्हें यूजर्स खुद स्पैम मानते हैं। गूगल के प्रवक्ता ने कहा, “ये नियम सभी सेंडर्स पर समान रूप से लागू होते हैं।”