AI बना चापलूस: अब सच नहीं, यूजर्स को खुश करने वाले जवाब दे रहे एआई चैटबॉट; रिसर्च में हुआ खुलासा
Social Psychophancy of AI:
स्टैनफोर्ड और कार्नेगी मैलन यूनिवर्सिटी की रिसर्च में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब यूजर्स की चापलूसी करने लगा है। AI सही जवाब देने की बजाय वे बातें कहता है जो यूजर सुनना चाहता है, जिससे लोगों की सोच पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।

अब तक लोग मानते थे कि यदि किसी मुद्दे पर सटीक और निष्पक्ष जवाब चाहिए तो ऐसा सिर्फ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ही कर सकता है। लेकिन एक नई रिसर्च ने इस धारणा को गलत साबित कर दिया है। स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और कार्नेगी मैलन यूनिवर्सिटी की संयुक्त स्टडी में पता चला है कि AI इंसानों की तरह चापलूसी करने लगा है और अब वही जवाब देता है जो इंसानों को पसंद है।

यूजर्स का मन जीतने की कोशिश
रिसर्च में यह व्यवहार ‘सोशल साइकोफैंसी’ (Social Psychophancy) कहा गया है, यानी जब AI यूजर की गलती बताने के बजाय उसके हर विचार या एक्शन को सही ठहराने लगता है। इसका मतलब है कि AI अब सच बोलने के बजाय वह बातें कहने पर ज्यादा ध्यान दे रहा है जो इंसानों को पसंद आए।

कई एआई मॉडल्स पर की गई स्टडी
अध्ययन में 11 बड़े लैंग्वेज मॉडल्स (LLMs) जैसे OpenAI, Anthropic, Google, Meta और Mistral को शामिल किया गया। इन सभी में पाया गया कि वे असमंजस या विवादित सवालों पर भी वही जवाब देते हैं जो यूजर को पसंद आए, बजाय इसके कि वे वास्तविक और निष्पक्ष उत्तर दें।