इस सॉफ्टवेयर से एक-दूसरे की जासूसी कर रहे हैं पति-पत्नी, भारत में भी हो रहा इस्तेमाल

एमी ने बताया कि ये सब उस वक्त शुरू हुआ, जब उन्हें लगा कि उनके पति को उनके दोस्तों के बारे में कई निजी बाते पता हैं। एमी बताती हैं, "मैं हैरान हो जाती थी कि उन्हें कई ऐसी बाते पता हैं, जो बहुत ही प्राइवेट थीं। उन्हें पता था कि सारा का एक बच्चा है, जो शायद मुझे भी पता नहीं होना चाहिए था।" वो कहती हैं, "जब मैं उनसे पूछती थी कि तुम्हें ये सब कैसे पता है। तो वो कहते थे कि मैंने ही उन्हें बताया है और मुझ पर आरोप लगाते थे कि मैं भूल जाती हूं।"

एमी (बदला हुआ नाम) इस सोच में भी पड़ गईं कि उनके पति को हर वक्त कैसे पता होता है कि वो कहां हैं। "कई बार मेरे पति ने कहा कि उन्होंने मुझे अपने दोस्तों के साथ एक कैफे में देखा और वो वहां से गुजर रहे थे। मैं हर चीज पर सवाल करने लगी और किसी पर भरोसा नहीं कर पा रही थी। मेरे दोस्तों पर भी नहीं।" कुछ महीनों में ये बहुत ज़्यादा होने लगा। एमी पहले ही अपने शादीशुदा रिश्ते में मुश्किलों से गुज़र रही थीं, लेकिन इन घटनाओं के बाद उनकी जिंदगी एक बुरे सपने की तरह हो गई। और एक फैमिली ट्रिप के बाद उनका ये रिश्ता खत्म हो गया।

एमी याद करती हैं, "हमारी वो ट्रिप अच्छी चल रही थी। हमारा छह साल का बेटा खेल रहा था और बहुत खुश था।" "मेरे पति ने फार्म की एक तस्वीर खींची थी, वो दिखाने के लिए उन्होंने मुझे फोन दिया। उसी बीच उनके फोन की स्क्रीन पर मैंने एक अलर्ट देखा।" उस पर लिखा था, "एमी के मैक की डेली रिपोर्ट तैयार है।" "मैं सन्न रह गई। एक मिनट के लिए तो मेरी सांसे थम गई। मैंने खुद को संभाला और कहा कि मैं बाथरूम जाकर आती हूं। मुझे अपने बेटे की वजह से वहां रुकना पड़ा। और मैंने ऐसे नाटक किया जैसे मैंने कुछ देखा ही नहीं।"