Redmi के फोन में धमाके से महिला की मौत, कंपनी कर रही मामले की जांच

स्मार्टफोन में आग लगने की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। फोन में ब्लास्ट होने या आग लगने के बाद आमतौर पर किसी के घायल होने की खबर मिलती है लेकिन इस बार एक स्मार्टफोन में हुए धमाके से एक महिला की मौत हो गई है। फोन में आग लगने से किसी की मौत का यह पहला मामला है। रिपोर्ट के मुताबिक यह ब्लास्ट Redmi 6A में हुआ है। इसकी जानकारी टेक यूट्यूबर MD Talk YT ने ट्वीट करके दी है। आइए समझते हैं पूरे मामले को...

यूट्यूबर MD Talk YT के दावे के मुताबिक उनकी आंटी रात में तकिया के नीचे अपने Redmi 6A को लेकर सोई हुई थीं। आधी रात को अचानक से फोन में एक जोरदार धमाका हुआ जिसमें आंटी की मौत हो गई। यूट्यूबर डैमेज फोन की कई तस्वीरें भी शेयर की है। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि फोन का बैक पैनल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि बेड पर खून-ही-खून बिखरा है।

इस रिपोर्ट पर Xiaomi ने कहा है कि वह मामले की जांच कर रही है और इस दुःख की घड़ी में वह पीड़ित के परिवार के साथ है। शाओमी ने यह भी कहा है कि वह पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करेगी। यूट्यूबर ने फटे हुए फोन की फोटो के साथ शाओमी के वाइस प्रेसिडेंट मनु कुमार जैन को भी टैग किया था, हालांकि इस मामले में कोई पुलिस शिकायत हुई है या नहीं, इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिली है।