पुलवामा अटैक: अमेजन से खरीदा गया था हमले के लिए बम बनाने वाला केमिकल

कल यानी रविवार 14 फरवरी 2021 को पुलवामा अटैक के दो साल पूरे हो रहे हैं। मुंबई अटैक के बाद पुलवामा देश पर होने वाला सबसे बड़ा हमला था। 14 फरवरी 2019 को जब देश-दुनिया वैलेंटाइन डे मनाने में व्यस्त थी उसी दिन करीब साढ़े तीन बजे शाम को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर 2,500 जवानों को लेकर जा रही 78 बसों के काफिले पर हमला हुआ जिसमें हमारे देश के 40 बहादुर जवान शहीद हो गए। इस हमले में जितना बड़ा धमाका हुआ था उसे लेकर पूरे देश की जेहन में एक ही सवाल था कि आखिर इतना बारूद कहां से आया।

मार्च 2020 में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि पुलवामा हमले में बम बनाने के लिए इस्तेमाल किए गए केमिकल ई-कॉमर्स साइट अमेजन से खरीदे गए थे। एनआईए ने यह जानकारी हमले से जुड़े दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद दी थी।

श्रीनगर के 19 वर्षीय वैज उल इस्लाम और पुलवामा जिले के हकीरपोरा इलाके के 32 वर्षीय मोहम्मद अब्बास राथेर को मार्च 2020 की शुरुआत में गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले हकीरपोरा इलाके से एक ट्रक ड्राइवर और उसकी बेटी को भी आतंकियों को पनाह देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार किए गए इस्लाम ने ही पुलिस को बताया कि हमले में इस्तेमाल हुए बम (आईईडी) को बनाने के लिए केमिकल, बैटरी और अन्य जरूरी सामान अमेजन से खरीदे गए थे।