प्लेयर्स की गिरफ्तारी पर PUBG का बड़ा बयान, कहा- हम खिलाड़ियों के साथ हैं

इसी सप्ताह की शुरुआत में राजकोट पुलिस ने पबजी मोबाइल गेम खेलते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके स्मार्टफोन भी जब्त किए गए हैं। राजकोट पुलिस ने पबजी खेलते हुए जिन 10 लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें से 6 अंदर ग्रेजुएट्स हैं जो पिछले 2 दिनों से लगातार पबजी खेल रहे थे, हालांकि पुलिस ने इन लोगों को बेल पर छोड़ दिया है। इस गिरफ्तारी के बाद पबजी गेम को चलाने वाली कंपनी Tencent इंडिया ने पहली बार अपना बयान दिया है। आइए जानते हैं।

Tencent इंडिया ने अपने प्लेयर्स का पक्ष लेते हुए कहा है कि वह पबजी प्लेयर्स के साथ है और वह जल्द ही राजकोट पुलिस से बात करेगी और पबजी पर लगे बैन को हटाने की मांग करेगी। कंपनी ने कहा है, 'हम हैरान हैं कि भारत के कई शहरों में पबजी पर बैन लगा दी गई है। हम इस तरह के प्रतिबंधों के कानूनी आधार को समझने की कोशिश कर रहे हैं और इसके लिए हम संबंधित अधिकारियों के साथ भी बातचीत करें। हम अपने पबजी खिलाड़ियों के साथ खड़े हैं और जल्द ही गेम पर बैन का उचित समाधान खोजेंगे।'

बता दें कि यह मामला हाल ही में राजकोट पुलिस द्वारा पबजी खेलने वाले 10 लोगों की गिरफ्तारी से जुड़ा है, हालांकि सभी को जमानत पर छोड़ दिया गया है। पिछले सप्ताह ही गुजरात के राजकोट पुलिस कमिश्नर मनोज अग्रवाल ने आदेश जारी करते हुए कहा था कि जिले में पबजी पर 30 मार्च 2019 तक पाबंदी है। यह आदेश 9 मार्च से लागू भी हो गया था, लेकिन कई लोग चोरी-छिपे गेम खेल रहे हैं।