Report: OnePlus अमेरिका और यूरोप से समेटेगा कारोबार, 2027 तक भारत में भी बंद हो सकता है ब्रांड
कभी कम कीमत में दमदार स्मार्टफोन के लिए मशहूर रहा OnePlus अब बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी अमेरिका और यूरोप से अपना कारोबार समेटने जा रही है। इसके बाद 2027 तक भारत समेत अन्य वैश्विक बाजारों से भी ब्रांड को हटाने की योजना है।

कभी प्रीमियम फीचर्स वाले किफायती स्मार्टफोन के दम पर तकनीक प्रेमियों का पसंदीदा ब्रांड बना OnePlus अब अपने कारोबार में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। ब्लूमबर्ग की एक नई रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी जल्द ही अमेरिका और यूरोप के बाजारों से अपना कारोबार बंद करने की तैयारी में है। कंपनी के इस कदम उसकी मूल कंपनी ओप्पो (Oppo) के रिस्ट्रक्चरिंग का हिस्सा बताया जा रहा है।
इस हफ्ते से शुरू हो सकता है बदलाव
रिपोर्ट के मुताबिक, OnePlus का अमेरिका और यूरोप से बाहर निकलने की प्रक्रिया इसी सप्ताह शुरू हो सकती है। सूत्रों का कहना है कि यह फैसला ओप्पो के वैश्विक कारोबार को नए सिरे से व्यवस्थित करने की रणनीति के तहत लिया गया है। हालांकि, ओप्पो और OnePlus की ओर से इस मामले पर आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।

भारत में भी बंद हो सकता है OnePlus
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फिलहाल OnePlus चीन में अपना कारोबार जारी रखेगा, लेकिन 2027 तक भारत समेत अन्य वैश्विक बाजारों में भी ब्रांड को बंद करने की योजना बनाई गई है। वहीं, ओप्पो के दूसरे स्मार्टफोन ब्रांड Realme के बारे में भी कहा गया है कि वह चीन के बाजार से बाहर निकल सकता है।
क्यों लिया जा रहा है यह फैसला?
बताया जा रहा है कि OnePlus और ओप्पो के इस फैसले के पीछे कई वजहें हैं। इनमें स्मार्टफोन कारोबार में वित्तीय चुनौतियां, अमेरिका, यूरोप और भारत में बिक्री की रफ्तार कम होना, चीन की कंपनियों को लेकर बढ़ती भू-राजनीतिक चुनौतियां और अमेरिका में एपल की ओर से दायर ट्रेड सीक्रेट्स से जुड़ा मुकदमा शामिल हैं।

अब कहां फोकस करेगी कंपनी?
रिस्ट्रक्चरिंग के बाद ओप्पो अपना ध्यान मध्य यूरोप के बाजारों पर बढ़ाएगा। वहीं फिनलैंड, डेनमार्क, स्वीडन और आइसलैंड जैसे नॉर्डिक देशों में Realme स्मार्टफोन की बिक्री पर अधिक जोर दिया जाएगा, जहां कंपनी को तुलनात्मक रूप से बेहतर सफलता मिली है।