ऑर्डर किया बिरयानी, कैंसिल करने के लिए किया फोन तो खाते से गायब हो गए 49 हजार रुपये

आप में से कई लोग ऑनलाइन खाना मंगवाते होंगे, लेकिन आपको थोड़ा सतर्क रहने की दरकार है नहीं तो आपका बैंक अकाउंट खाली हो सकता है। ऐसा ही कुछ मामला कोलकाता से सामने आया है। एक युवक ने जोमैटो से बिरयानी ऑर्डर किया था लेकिन कैंसिल कराने पर उसके खाते से 49 हजार रुपये से अधिक गायब हो गए हैं।

दरअसल, बिहार से निशांत राज नाम का युवक बंगाल घूमने आया था। यहां वह एक परिचित के यहां ठहरा था। एक दिन घर पहुंचने से पहले ही उसने एक प्लेट बिरयानी का आर्डर ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी जोमेटो से कर दिया। लेकिन घर पहुंचने पर देखा कि खाना बना हुआ है तो वह आर्डर कैंसिल करने के लिए जोमैटो के कस्टमर्स केयर का नंबर गूगल से सर्च किया।

निशांत का कहना है कि नंबर पर कॉल करने पर उसे बताया गया कि कैंसिलेशन का पैसा आपके खाते में वापस आ जाएगा, इसके लिए एक ऐप डाउनलोड करना होगा। निशांत ने जैसे ही वह ऐप डाउनलोड किया, कुछ देर बाद ही उसके मोबाइल फोन पर मैसेज आने शुरू हो गए।