Scam: ऑनलाइन Power Bank मंगाने में फ्रॉड का शिकार हुई पत्रकार, पैकेट खोला तो रह गई दंग, दर्ज की शिकायत
Online Shopping Fraud:
ऑनलाइन सामान ऑर्डर करने वाले कई ग्राहकों को ऐसे ही ठगा जा चुका है। डिलीवरी में मिलने वाला पैकेट पूरी तरह सील होता है, जिसके कारण ग्राहक को पता नहीं चलता की उसके अंदर क्या है।

आपने अक्सर सुना होगा कि ऑनलाइन डिलीवरी में मिले पैकेट को खोलने के बाद लोगों को ऑर्डर किए गए सामान की जगह साबुन या पत्थर मिले। इस तरह के स्कैम फोन, चार्जर या पावरबैंक जैसे छोटे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स में ज्यादातर दर्ज किए जाते हैं। हम यह कामना करेंगे कि आपके साथ ऐसा कभी न हो, लेकिन यह स्कैम आज अमर उजाला की ही टीम की एक साथी के साथ हो गया। टीम की एक साथी ने हाल ही में ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म अमेजन (Amazon) से कुछ गैजेट्स मंगाए थे, डिलीवरी के बाद पैकेट खोलने पर उसे एक 10 रुपये वाला साबुन मिला। आइए पूरी घटना के बारे में आपको विस्तार से बताते हैं...
पैकेट के अंदर सामान के जगह निकला साबुन
बता दें कि ऑनलाइन सामान ऑर्डर करने वाले कई ग्राहक अक्सर इस तरह के स्कैम की शिकायत करते हैं। हमारे साथी ने अमेजन से बोट (Boat) कंपनी का एक पावरबैंक और एक ईयरफोन ऑर्डर किया था। ऑर्डर को 26 मार्च को प्लेस किया गया था, जिसकी डिलीवरी दो दिन बाद यानी 28 मार्च को होनी थी। हालांकि, जब ऑर्डर रिसीव किया गया तो उसे जरा भी भनक नहीं थी कि उसके साथ भी यह स्कैम हो जाएगा। डिलीवरी में मिला कार्टन का पैकेट पूरी तरह से सील था और उसे खोलने या खराब करने के निशान कहीं भी मौजूद नहीं थे। बता दें कि इस पावरबैंक की कीमत 1799 रुपये थी।

हालांकि, जब पैकेट को खोला गया तो पावरबैंक की जगह साबुन निकलने से अन्य साथी भी दंग रह गए। हमने बिना देर किए इसकी शिकायत अमेजन की कस्टमर सर्विस में की। प्रोडक्ट में दिए गए डिटेल्स के मुताबिक पावरबैंक को कंपनी 4 अप्रैल 2025 तक रिप्लेस कर सकती है। हालांकि, इस प्रोडक्ट पर कंपनी की रिटर्न या अमाउंट को रिफंड करने की पॉलिसी नहीं है। प्रोडक्ट की डिटेल्स के मुताबिक, इस प्रोडक्ट का सेलर COCOBLU Retail Limited के नाम से लिस्टेड है, जो लुधियाना, पंजाब स्थित कंपनी है।
चूंकि, इस प्रोडक्ट पर कैश ऑन डिलीवरी के माध्यम से खरीदा गया था, इसलिए कंपनी का कहना है कि वह आगे की कार्रवाई पेमेंट सेटल होने बाद करेगी। कंपनी ने बताया कि अधिकतर पेमेंट 72 घंटे के अंदर सेटल हो जाते हैं, लेकिन उम्मीद है कि यह उससे पहले ही हो जाएगा, जिसके बाद कंपनी आगे एक्शन लेगी।

खुला था अंदर का पैकेट
जब हमने प्रोडक्ट के पैकेट की गहराई से जांच कि तो पाया कि पावरबैंक के पैकेट को खोला गया था। सिलिंग टेप पर जमी गंदगी खुद बता रही थी कि पैकेट को खोलकर उससे पावरबैंक की चोरी कर ली गई है। इतना ही नहीं हमें ईयरफोन के पैकेट की सील भी खुली हुई मिली। यानी पैकेट में मिले दोनों प्रोडक्ट से छेड़छाड़ की गई थी।