Jio GigaFiber: लॉन्चिंग से पहले यहां जानें कीमत से लेकर प्लान तक की जानकारी

जियो गीगाफाइबर की लॉन्चिंग 12 अगस्त को बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि 12 अगस्त को होने वाली जियो की वार्षिक बैठक में जियो गीगाफाइबर को कमर्शियल तौर पर पेश किया जाएगा। वहीं पिछले साल ही से ही देश के कई शहरों मे जियो गीगाफाइबर की बीटा टेस्टिंग हो रही है। तो अब सवाल यह है कि जियो गीगाफाइबर के बारे में अभी तक हम क्या जानते हैं और लॉन्चिंग को लेकर क्या-क्या संभावनाएं हैं। आइए जानते हैं।

सबसे पहले आपको बता दें कि जियो गीगाफाइबर के तहत फिलहाल कुछ चुनिंदा ग्राहकों को केवल ब्रॉडबैंड सेवा मिल रही है। वहीं कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि जियो गीगाफाइबर के साथ आपको वॉयस कॉलिंग और IPTV भी मिल रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो जियो गीगाफाइबर के तहत स्मार्टहोम के लिए भी कनेक्टिविटी मिलेगी। आइए जानते हैं जियो गीगाफाइबर की प्लान और उनकी कीमतों के बारे में...

ऑनलाइन लीक रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ट्रिपल प्ले प्लान लॉन्च कर सकती है। लीक स्क्रीनशॉट के मुताबिक जियो के इस ट्रिपल प्लान के तहत ग्राहकों को फ्री में 100 जीबी डाटा मिलेगा और इसकी वैधता 28 दिनों की है। वैसे डाटा की स्पीड 100 की बात तो प्लान में नहीं लिखी गई है लेकिन उम्मीद के मुताबिक इसकी स्पीड 100एमबीपीएस होगी।