iQOO Z11 Lite vs Realme P4R: ₹20,000 के बजट में कौन सा स्मार्टफोन है असली पैसा वसूल? खरीदने से पहले जान लें

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Sun, 26 Jul 2026 03:54 PM IST
सार

बजट स्मार्टफोन बाजार में iQOO Z11 Lite और Realme P4R ने जबरदस्त खलबली मचा दी है। एक तरफ iQOO शानदार प्रीमियम डिजाइन और 6,500mAh बैटरी के साथ आता है, तो वहीं Realme 8,000mAh की विशालकाय बैटरी और 144Hz डिस्प्ले का दावा करता है। आइए विस्तार से जानते हैं कि ₹20,000 से कम कीमत में आपके लिए कौन सा स्मार्टफोन एक परफेक्ट चॉइस साबित होगा।

विज्ञापन
iqoo z11 lite vs realme p4r comparison under 20000 best smartphone
जानिए 20 हजार के बजट में कौन है दमदार फोन - फोटो : iQOO/Realme

    आजकल स्मार्टफोन बाजार का बजट सेगमेंट पहले से कहीं अधिक आक्रामक हो चुका है। अब कंपनियां सिर्फ तेज प्रोसेसर देकर काम नहीं चला सकतीं; ग्राहकों को अब बड़ी बैटरी, मक्खन जैसा स्मूथ डिस्प्ले और लंबा सॉफ्टवेयर सपोर्ट भी चाहिए। इसी मांग को पूरा करने के लिए बाजार में दो नए धुरंधरों iQOO Z11 Lite और Realme P4R ने दस्तक दी है।

    iQOO जहां 6,500mAh की बैटरी, मीडियाटेक डाइमेंसिटी 6300 चिपसेट और आउट-ऑफ-द-बॉक्स एंड्रॉयड 16 के साथ मैदान में है, वहीं Realme बिल्कुल इसी दर्शक वर्ग को लुभाने के लिए 8,000mAh की दमदार बैटरी और 144Hz के सुपर-स्मूथ डिस्प्ले का ब्रह्मास्त्र लेकर आया है। दोनों की कीमतें लगभग एक समान हैं, ऐसे में यह कन्फ्यूजन होना लाजमी है कि अपनी गाढ़ी कमाई किस फोन पर खर्च की जाए।

    आइए इन दोनों स्मार्टफोन्स का गहराई से विश्लेषण करते हैं।

    iQOO Z11 Lite
    iQOO Z11 Lite - फोटो : iQOO

    कीमत: किसका पलड़ा भारी?

    iQOO Z11 Lite की शुरुआती कीमत ₹19,499 रखी गई है और यह तीन स्टोरेज वेरिएंट में उपलब्ध है। वहीं Realme P4R लॉन्च के समय ₹18,999 में आया था, लेकिन हालिया कीमत बढ़ने के बाद इसका बेस मॉडल ₹19,999 का हो गया है। कीमत के लिहाज से iQOO Z11 Lite करीब ₹500 सस्ता पड़ता है।

    डिजाइन और डिस्प्ले

    • iQOO Z11 Lite को Solar Flame और Midnight Blue रंगों में पेश किया गया है। इसका Solar Flame वेरिएंट मार्बल फिनिश के साथ प्रीमियम लुक देता है। फोन में नोटिफिकेशन के लिए Dynamic Light, मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी, SGS Five-Star Drop Resistance और IP65 रेटिंग भी मिलती है। हालांकि इसका वॉटरड्रॉप नॉच थोड़ा पुराना लगता है। इसमें 6.74 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले, 120Hz रिफ्रेश रेट और 1,200 निट्स पीक ब्राइटनेस दी गई है।
    • दूसरी ओर Realme P4R Titanium Glare, Silver Glare और Lavender Glare रंगों में आता है। इसमें पीछे AI Pulse Light LED दी गई है। फोन में भी IP65 रेटिंग और मिलिट्री-ग्रेड मजबूती मिलती है। इसकी 6.8 इंच HD+ LCD स्क्रीन 144Hz रिफ्रेश रेट के साथ ज्यादा स्मूद अनुभव देती है।
    • अगर डिस्प्ले एक्सपीरियंस प्राथमिकता है तो Realme P4R आगे नजर आता है, जबकि डिजाइन के मामले में iQOO Z11 Lite अलग पहचान बनाता है।

    बैटरी: यहां Realme की बड़ी बढ़त

    • बैटरी के मामले में दोनों फोन के बीच सबसे बड़ा अंतर देखने को मिलता है। iQOO Z11 Lite में 6,500mAh बैटरी के साथ 44W फास्ट चार्जिंग मिलती है, जो सामान्य इस्तेमाल में आसानी से एक दिन या उससे ज्यादा चल सकती है।
    • वहीं Realme P4R में 8,000mAh की बड़ी बैटरी और 45W फास्ट चार्जिंग दी गई है। लंबा बैकअप चाहने वालों के लिए यह फोन ज्यादा बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।
    Realme P4R 5G
    Realme P4R 5G - फोटो : Realme

    कैमरा: सेल्फी में कौन आगे?

    • दोनों स्मार्टफोन में 50MP का प्राइमरी कैमरा मिलता है। iQOO Z11 Lite में 50MP + 0.8MP का रियर कैमरा सेटअप और 5MP फ्रंट कैमरा दिया गया है।
    • वहीं Realme P4R में 50MP + 2MP का डुअल कैमरा और 8MP का सेल्फी कैमरा मिलता है।
    • सेल्फी और सेकेंडरी कैमरे के मामले में Realme P4R बेहतर नजर आता है। हालांकि मुख्य कैमरे की वास्तविक फोटो क्वालिटी काफी हद तक इमेज प्रोसेसिंग पर निर्भर करेगी।

    प्रोसेसर और परफॉर्मेंस

    दोनों स्मार्टफोन में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया गया है। इसलिए रोजमर्रा के काम, सोशल मीडिया, वीडियो स्ट्रीमिंग और मल्टीटास्किंग में लगभग समान प्रदर्शन मिलने की उम्मीद है। हल्की-फुल्की गेमिंग भी आराम से की जा सकती है, लेकिन हेवी गेमिंग के लिए ये फोन नहीं बने हैं।

    सॉफ्टवेयर और AI फीचर्स

    • iQOO Z11 Lite Android 16 आधारित Origin OS 6.0 पर चलता है। कंपनी इसमें 2 साल के Android अपडेट और 4 साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा करती है। इसमें AI Creation, AI Captions और AI Transcript Assist जैसे प्रोडक्टिविटी बेस्ड AI फीचर्स मिलते हैं, जो टेक्स्ट लिखने, ट्रांसलेट करने और वॉइस-टू-टेक्स्ट जैसे काम आसान बनाते हैं।
    • Realme P4R में Android 16 आधारित Realme UI 7.0 मिलता है। इसमें 2 साल के Android अपडेट और 3 साल के सिक्योरिटी अपडेट दिए जाएंगे। इसके AI फीचर्स फोटोग्राफी पर ज्यादा फोकस करते हैं, जिनमें AI Eraser 2.0, AI Ultra Clarity, AI Unblur और AI Portrait Glow शामिल हैं।

    कौन-सा फोन खरीदें?

    • अगर आपकी प्राथमिकता लंबी बैटरी, बेहतर सेल्फी कैमरा और स्मूद 144Hz डिस्प्ले है, तो Realme P4R ज्यादा बेहतर विकल्प साबित होगा।
    • लेकिन अगर आप कम कीमत, प्रीमियम डिजाइन, लंबे सिक्योरिटी अपडेट और AI प्रोडक्टिविटी फीचर्स चाहते हैं, तो iQOO Z11 Lite आपके लिए बेहतर डील हो सकता है।
    विज्ञापन
    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें