काम की बात: भूल गए हैं आईआरसीटीसी का पासवर्ड तो घबराएं नहीं, ऐसे आसानी से कर सकते हैं रिकवर

आज के समय में अधिकतर लोग ट्रेनों में सफर करने के लिए ऑनलाइन टिकट ही कराते हैं। कुछ साल पहले तक लोगों को टिकट लेने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती थी, रेलवे काउंटरों पर घंटों लाइनों में खड़े रहना पड़ता था, लेकिन अब टिकट लेना बेहद ही आसान हो गया है और इसे आसान बनाया है इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन यानी आईआरसीटीसी ने। अगर आपके पास आईआरसीटीसी की आईडी है तो आप घर बैठे आसानी से टिकट काट सकते हैं और वो भी कंफर्म। हालांकि कभी-कभी ऐसा होता है कि लोगों ने काफी दिनों से कोई टिकट बुक नहीं किया होता है तो वो आईआरसीटीसी की आईडी या फिर पासवर्ड ही भूल जाते हैं। ऐसे में जरूरत पड़ने पर काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अगर आप भी आईआरसीटीसी का पासवर्ड भूल गए हैं तो घबराने की जरूरत नहीं है।आइए जानते हैं कि कैसे आप आसानी से उसे रिकवर कर सकते हैं।

आईआरसीटीसी का पासवर्ड रिकवर करने के लिए सबसे पहले तो आपको आईआरसीटीसी (IRCTC) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा और अपनी लॉगिन आईडी दर्ज करनी होगी। उसके बाद Forgot Password के विकल्प पर क्लिक करना होगा और अपना रजिस्टर्ड ईमेल आईडी, आईआरसीटीसी यूजर आईडी, पता, जन्म तिथि और कैप्चा कोड दर्ज भी दर्ज करना होगा।

सभी जानकारियां भरने के बाद आईआरसीटीसी आपके रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर पासवर्ड रिकवर करने के लिए विवरण भेजेगा, जिसका इस्तेमाल कर आप आसानी से अपना पासवर्ड रिकवर कर सकते हैं और नया पासवर्ड बना सकते हैं। इसके बाद आप आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं।