काम की बात: ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुक करने से पहले फटाफट कर लें ये काम, नहीं तो हो सकती है दिक्कत

अगर आप ट्रेनों में अक्सर सफर करते हैं तो आपको पता होगा कि पहले रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन की टिकट लेना कितना मुश्किल होता था। लंबी-लंबी लाइनें लगती थीं, अगर आप लाइन में थोड़ा भी पीछे हैं तो कंफर्म टिकट मिलना बड़ा मुश्किल होता था और ऐसे में वेटिंग टिकट के सहारे आपको ट्रेन में सफर करना पड़ता था। लेकिन आज के समय टिकट लेना बहुत मुश्किल नहीं रह गया है। अब लोग आसानी से घर बैठे ऑनलाइन टिकट काट लेते हैं, चाहे किसी भी ट्रेन की टिकट हो। ऑनलाइन टिकट काटने के लिए आपके पास आईआरसीटीसी की आईडी होनी चाहिए। अगर आपके पास आईआरसीटीसी की आईडी है और ऑनलाइन टिकट बुक करना चाहते हैं तो पहले एक काम फटाफट कर लें, नहीं तो बाद में परेशानी हो सकती है। आईआरसीटीसी ने ट्रेन टिकट बुकिंग के नियमों में कुछ बदलाव किए हैं।आइए जानते हैं इसके बारे में...

आईआरसीटीसी के नियमों के मुताबिक, ट्रेन की टिकट बुक करने से पहले आपको वैरिफिकेशन प्रोसेस पूरा करना होगा। इसमें आपको अपनी ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर कंफर्म करना होगा। यह वैरिफिकेशन बेहद ही आसान है। इसमें आपको ज्यादा वक्त नहीं मिलेगा। यह काम आपका मिनटों में हो जाएगा।

आईआरसीटीसी का यह वैरिफिकेशन पूरा करने के लिए सबसे पहले तो आपको इसके ऑनलाइन पोर्टल या वेबसाइट पर जाकर लॉगिन आईडी और पासवर्ड बनाना होगा। इसके लिए आपको अपना मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी देनी होगी। फिर आपके मोबाइल नंबर और ईमेल, दोनों पर अलग-अलग ओटीपी जाएगा, जिसकी मदद से आईडी को वैरिफाई करना होगा।