Google: अब गूगल अकाउंट नहीं होगा कभी लॉक! नया ‘रिकवरी कॉन्टैक्ट’ फीचर पासवर्ड भूलने पर करेगा मदद
गूगल ने अपने यूजर्स की सुरक्षा बढ़ाने के लिए एक नया फीचर लॉन्च किया है। यह फीचर पासवर्ड भूलने, फोन खोने या अकाउंट हैक होने की स्थिति में भरोसेमंद संपर्क की मदद से अकाउंट रिकवर करने की सुविधा देता है।

गूगल ने एंड्रॉयड और जीमेल अकाउंट यूजर्स के लिए एक नया फीचर पेश किया है, जिसका नाम रिकवरी कॉन्टैक्ट है। यह फीचर उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा जो अक्सर पासवर्ड भूल जाते हैं या जिनका फोन खो जाता है। इसके जरिए यूजर अपने भरोसेमंद दोस्त या किसी करीबी को अकाउंट रिकवरी के लिए कॉन्टैक्ट के रूप में जोड़ सकता है।

कैसे करेगा काम नया फीचर?
इस फीचर के तहत यूजर अपने गूगल अकाउंट में किसी दोस्त या परिवार के सदस्य को ‘रिकवरी कॉन्टैक्ट’ के रूप में जोड़ सकता है। अगर आपका अकाउंट लॉक हो जाए या पासवर्ड भूल जाएं, तो गूगल उस कॉन्टैक्ट को एक यूनिक कोड भेजेगा। उस कोड की मदद से आप अपनी पहचान वेरिफाई कर दोबारा अपने अकाउंट में लॉगिन कर सकेंगे। यह कोड 15 मिनट तक वैध रहेगा, यानी समय पर इस्तेमाल करना जरूरी होगा।

अकाउंट में कैसे जोड़ें रिकवरी कॉन्टैक्ट?
इसके लिए यूजर को गूगल अकाउंट की सिक्योरिटी सेटिंग में जाकर “रिकवरी ऑप्शन” चुनना होगा। वहां जाकर नया रिकवरी कॉन्टैक्ट जोड़ा जा सकता है। इसके लिए पहले उस व्यक्ति को इन्वाइट भेजना होगा, और उसके स्वीकार करने के बाद वह कॉन्टैक्ट आपके रिकवरी लिस्ट में जुड़ जाएगा।
यूजर अधिकतम 10 कॉन्टैक्ट्स को रिकवरी के लिए जोड़ सकता है। हालांकि, अगर आप किसी कॉन्टैक्ट की मदद से अकाउंट रिकवर करते हैं, तो उसे सात दिनों तक दोबारा रिकवरी कॉन्टैक्ट में नहीं जोड़ा जा सकेगा।