AI Confrence: एआई साइंटिस्ट बोले- 'कुछ कंपनियों की मुट्ठी में सिमट जाएगी दौलत, बढ़ सकता है समाजिक असंतोष'
एथेंस में आयोजित एक कार्यक्रम में डीपमाइंड के को-फाउंडर डेमिस हसाबिस ने कहा कि आने वाले समय में लोगों को लगातार नई स्किल्स सीखनी होंगी। वहीं ग्रीक प्रधानमंत्री क्यरियाकोस मित्सोताकिस ने चेताया कि अगर AI के फायदे आम जनता तक नहीं पहुंचे तो सामाजिक असंतोष बढ़ सकता है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रिसर्च लैब डीपमाइंड के को-फाउंडर डेमिस हसाबिस ने जोर दिया है कि आने वाले दशक में पारंपरिक विषयों के साथ-साथ "मेटा-स्किल्स" यानी सीखने की कला और नए विषयों को समझने की क्षमता बेहद अहम होगी। उन्होंने कहा, “एक बात तो तय है कि आपको अपने पूरे करियर में लगातार सीखते रहना होगा।”

हसाबिस, जिन्होंने 2010 में डीपमाइंड की स्थापना की थी और बाद में इसे गूगल ने अधिग्रहित कर लिया, हाल ही में 2024 का नोबेल पुरस्कार (केमिस्ट्री) भी जीत चुके हैं। उन्हें यह सम्मान प्रोटीन फोल्डिंग की सटीक भविष्यवाणी करने वाले AI सिस्टम्स के विकास के लिए मिला है, जो दवा और चिकित्सा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव ला सकता है।

एथेंस के एक्सोपोलिस थिएटर में एआई पर हुए एक कॉन्फ्रेंस में ग्रीस के प्रधानमंत्री क्यरियाकोस मित्सोताकिस भी शामिल हुए। उन्होंने सरकार में AI के इस्तेमाल को बढ़ाने की योजनाओं पर चर्चा की। लेकिन साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी कि टेक कंपनियों के तेजी से बढ़ते वर्चस्व से वैश्विक आर्थिक असमानता खतरनाक स्तर तक पहुंच सकती है।