मोबाइल पर आया मैसेज, क्लिक किया तो खाते से गायब हो गए 60,000 रुपये

यदि आप भी अपने फोन पर आए किसी भी मैसेज पर झट से क्लिक करते हैं तो थोड़ा सावधान रहिए, नहीं आपका भी बैंक अकाउंट खाली हो जाएगा। गुरुग्राम में कुछ ऐसा ही हुआ है कि शख्स के मोबाइल पर एक मैसेज आया और उसमें एक वेब लिंक दिया गया था। लिंक पर क्लिक करने पर फोन में एक ऐप इंस्टॉल हुआ और इसके बाद उनके खाते से 60,000 रुपये गायब हो गए। पीड़ित शख्स की उम्र 52 साल है और वह पेशे से कारोबारी हैं। आइए जानते हैं पूरा मामला।

दरअसल यह पूरा मामला पहले से ही तय था, क्योंकि पुलिस रिपोर्ट की मानें तो ठगों ने पहले पीड़ित के फोन पर एक मैसेज भेजा जिसमें ऐप डाउनलोड के लिए लिंक दिया गया था। उसके बाद फोन करके खुद को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का अधिकारी बताया और लिंक पर क्लिक करने को कहा।

लिंक पर क्लिक होते ही पीड़ित के फोन में एक ऐप इंस्टॉल हुआ। इसके बाद उनके खाते से दो बार में 60,000 रुपये निकाले गए। हालांकि यह मामला अब उजागर हुआ लेकिन यह ठगी सितंबर 2018 में हुई थी और इस संबंध में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत सेक्टर-10 पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर भी दर्ज की गई है।