Internet: इस देश की 99% आबादी ने कभी नहीं चलाया इंटरनेट, सोशल मीडिया तो दूर, ATM मशीन के भी नहीं किए दर्शन
Country With No Internet And Social Media:
21वीं सदी की टेक्नोलॉजी से लैस दुनिया में एक ऐसा देश भी है, जहां न मोबाइल डेटा है, न सोशल मीडिया और न ही एटीएम। यह देश अब भी बाहरी दुनिया से लगभग पूरी तरह कटा हुआ है।

आज की हाई-टेक दुनिया में हर दूसरा व्यक्ति इंटरनेट और मोबाइल डेटा पर निर्भर है। फिर चाहे खाना ऑर्डर करना हो, ऑनलाइन शापिंग करनी हो या बैंक में पैसे जमा करने हों, आज हर काम इंटरनेट की मदद से किया जा रहा है। ऐसे में यह सोच पाना भी मुश्किल है कि कोई देश इंटरनेट से कैसे कटा रह सकता है। इंटरनेट न केवल हमारे काम को आसान बना रहा है बल्कि हमें पूरी दुनिया से जोड़े भी रखता है। लेकिन आज के दौर में एक ऐसा देश भी है, जहां के नागरिकों के पास न मोबाइल डेटा की सुविधा मिलती है, न ही घर पर इंटरनेट कनेक्शन।

कहां है यह देश?
यहां हम पूर्वी अफ्रिका के देश इरीट्रिया (Eritrea) की बात कर रहे हैं। यह अफ्रीका के हॉर्न ऑफ अफ्रीका क्षेत्र में स्थित है। इसकी राजधानी अस्मारा (Asmara) है और यह देश लाल सागर (Red Sea) के किनारे बसा हुआ है। इसकी सीमाएं जिबूती, सूडान और इथियोपिया से लगती हैं। कठोर प्रशासन और जबरन सैन्य सेवा जैसी नीतियों के चलते इसे अक्सर “नॉर्थ कोरिया ऑफ अफ्रीका” भी कहा जाता है।

क्यों नहीं है इंटरनेट एक्सेस?
कई रिपोर्ट्स के मुताबिक, इरीट्रिया आज दुनिया का इकलौता देश है, जहां नागरिकों के पास मोबाइल डेटा एक्सेस नहीं है। केवल करीब 1% आबादी ने कभी न कभी इंटरनेट का इस्तेमाल किया है। इंटरनेट सेवाएं सिर्फ कुछ गिने-चुने कैफे तक सीमित हैं। यहां लोग वाई-फाई का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन स्पीड इतनी धीमी है कि यह 2G से भी कम होती है।