उड़ने वाली टैक्सी और भविष्य के शहर के सपने लेकर आया सीईएस 2020

100 किलोमीटर से भी तक की दूरी तय करने के लिए सड़क के बजाय हवाई मार्ग से जाना 2023 तक संभव हो सकता है। वहीं, की-बोर्ड भी बहुत जल्दी भूतकाल की बात हो सकते हैं। विश्व का सबसे बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का सम्मेलन कंज्यूमर इलेट्रॉनिक्स शो (सीईएस) लास वेगास में मंगलवार से शुरू हो गया, जहां इस प्रकार की तकनीकें और उत्पाद प्रस्तुत किए गए। इनमें से कई भविष्य में तैयार होंगे तो कुछ को कंपनियों ने कार्यक्रम के दौरान ही लॉन्च कर दिया।

वुवन सिटी : भविष्य का शहर
टोयोटा ने जापान में 175 एकड़ क्षेत्र में भविष्य का शहर बनाने का विजन प्रस्तुत किया। इसमें स्वचालित वाहन, जरूरत के हिसाब से छोटी-बड़ी होने वाली इनोवेटिव सड़कें और रोबोट्स आदि होंगे। यहां दो हजार लोगों के रहने की सुविधा होगी। इसे वुवन सिटी (बुना गया शहर) नाम दिया गया है।

एयर टैक्सी लॉन्च की तैयारी
टैक्सी सेवा उपलब्ध कराने वाली उबर ने ह्यूंडई के साथ मिलकर एयर टैक्सी पर प्रोजेक्ट शुरू किया है, जिसे 2023 तक लॉन्च करने का प्रयास किया जा रहा है। यह टैक्सी एक बार में चार यात्रियों को 100 किलोमीटर की यात्रा करवा सकेगी। अरेले ह्यूंडई करीब 1050 करोड़ रुपये एयर टैक्सी के विकास में दे चुका है।