ATM से अपने-आप गायब हो रहे हैं पैसे, 88 लोगों को लगा 19 लाख का चूना

भारत में पिछले कई महीने से एटीएम फ्रॉड की घटनाएं बढ़ गई हैं। आए दिन किसी के खाते से पैसे अपने आप गायब हो रहे हैं। जांच में पता चल रहा है कि कार्ड क्लोनिंग के जरिए लोगों के खाते से पैसे गायब किए जा रहे हैं। अब खबर है कि दिल्ली में महज 10 दिन में 88 लोगों के खाते से 19 लाख रुपये गायब किए गए हैं। इसे दिल्ली की सबसे बड़ी ठगी बताया जा रहा है।

यह मामला दिल्ली के तिलक नगर थाने का है। थाने में पिछले 10 दिनों में 88 लोगों ने शिकायत की है। शिकायत के मुताबिक अभी तक अलग-अलग खाते से 19 लाख रुपये गायब हुए हैं। लोगों ने अपनी शिकायत में कहा है कि उन्होंने एटीएम से पैसे निकाले ही नहीं है लेकिन पैसे निकल गए हैं।

पीड़ित लोगों का कहना है कि उन्होंने किसी प्रकार का कोई ट्रांजेक्शन नहीं किया है और ना ही उनके पास कोई ओटीपी आया है। मोबाइल पर पैसे कटने का मैसेज आया तब लोगों को ठगी के बारे में जानकारी मिली। रिपोर्ट के मुताबिक किसी के खाते से 20 हजार रुपये तो किसी के खाते से 75 हजार रुपये गायब हुए हैं।