Safe Mode: एंड्रॉयड फोन में सेफ मोड क्या होता है? जानिए कब और क्यों यह फीचर बनता है सबसे बड़ा सहारा
अगर आपका एंड्रॉयड फोन बार-बार हैंग हो रहा है, अपने आप रीस्टार्ट हो रहा है या कोई ऐप गड़बड़ कर रहा है, तो सेफ मोड आपकी मदद कर सकता है। यह फीचर फोन की सॉफ्टवेयर समस्या की असली वजह पहचानने में काम आता है।

सेफ मोड एंड्रॉयड फोन का एक खास बूट मोड होता है। इसमें फोन सिर्फ जरूरी सिस्टम एप्स के साथ चालू होता है, जबकि यूजर द्वारा इंस्टॉल किए गए सभी थर्ड पार्टी एप्स अपने आप बंद हो जाते हैं। इसका मकसद फोन को एक सुरक्षित माहौल में चलाकर यह पता लगाना होता है कि समस्या सिस्टम की है या किसी एप की वजह से।

Safe Mode से क्या पता चलता है
अगर सेफ मोड में फोन बिना किसी परेशानी के सही तरीके से काम करने लगता है, तो साफ संकेत मिलता है कि दिक्कत किसी थर्ड पार्टी एप के कारण है। वहीं, अगर सेफ मोड में भी समस्या बनी रहती है, तो मामला सिस्टम सॉफ्टवेयर से जुड़ा हो सकता है।

Safe Mode कब इस्तेमाल करना चाहिए
जब फोन अचानक स्लो हो जाए, बार-बार हैंग होने लगे या बिना वजह रीस्टार्ट होने लगे, तब सेफ मोड ट्राई करना चाहिए। इसके अलावा, किसी नए एप को इंस्टॉल करने के बाद अगर फोन में गड़बड़ी शुरू हो जाए, बैटरी तेजी से खत्म होने लगे या स्क्रीन फ्रीज हो जाए, तो सेफ मोड सबसे पहले इस्तेमाल करने वाला फीचर है।