Warning: 'इसे रोकें वरना भुगतने होंगे परिणाम'; गूगल, मेटा, चैटजीपीटी समेत कई AI कंपनियों को मिली सख्त चेतावनी

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Fri, 29 Aug 2025 05:43 PM IST
सार

अमेरिका के वकीलों ने गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, ओपनएआई, मेटा और एक्सएआई जैसी दिग्गज कंपनियों को सख्त चेतावनी दी है। उनका कहना है कि अगर बच्चों को AI चैटबॉट्स से सुरक्षित नहीं रखा गया तो कंपनियों को गंभीर कानूनी परिणाम भुगतने होंगे।

American attorney generals warns google meta chatgpt for harmful effects of AI on children psychology
एआई के खिलाफ एकजुट हुए एटर्नी जनरल - फोटो : AI

    आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में जहां एक ओर नित नए आविष्कार हो रहे हैं, वहीं इसके नकारात्मक प्रभावों को लेकर चिंताएं भी लगातार बढ़ती जा रही हैं। खासकर बच्चों पर AI के बुरे असर के कई भयावह मामले सामने आने के बाद, अब अमेरिकी सरकार सख्त हो गई है। गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, OpenAI, xAI और मेटा जैसी दुनिया की शीर्ष AI कंपनियों को अमेरिका के 44 राज्यों और क्षेत्रों के अटॉर्नी जनरल ने एक संयुक्त पत्र लिखकर कड़ी चेतावनी दी है। साफ शब्दों में कहा गया है कि बच्चों को AI चैटबॉट से सुरक्षित रखें, नहीं तो गंभीर कानूनी परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें।

    बच्चों को खतरनाक सलाह दे रहा चैटबॉट
    बच्चों को खतरनाक सलाह दे रहा चैटबॉट - फोटो : AI

    बच्चों पर AI का बढ़ता खतरा

    हाल ही में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां एक 16 साल लड़के ने ChatGPT के उकसावे के बाद आत्महत्या कर ली। आरोप है कि ChatGPT ने उस लड़के को न केवल आत्महत्या करने के तरीके सुझाए, बल्कि उसकी समस्या को घरवालों के साथ साझा न करने का दबाव भी बनाया। यह घटना AI द्वारा बच्चों पर पड़ने वाले गंभीर मनोवैज्ञानिक प्रभावों की एक बानगी मात्र है। ऐसे ही कई अन्य मामलों ने अमेरिकी वकीलों को इन तकनीकी दिग्गजों के खिलाफ लामबंद होने पर मजबूर कर दिया है।

    मेटा कर रहा था बच्चों से फ्लर्ट
    मेटा कर रहा था बच्चों से फ्लर्ट - फोटो : अमर उजाला

    मेटा एआई पर लगे बच्चों से "फ्लर्टिंग" के आरोप

    इस पूरे प्रकरण में मार्क जुकरबर्ग की कंपनी मेटा विशेष रूप से अमेरिकी वकीलों के निशाने पर रही। मेटा पर आरोप लगे हैं कि उसके AI असिस्टेंट्स को कथित तौर पर आठ साल तक के बच्चों के साथ 'फ्लर्टिंग' और 'रोमांटिक रोलप्ले' करने की अनुमति दी गई थी। अटॉर्नी जनरलों ने इसे 'घिनौना' और बच्चों के प्रति घोर लापरवाही करार दिया। हालांकि, मेटा के प्रवक्ता ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि उनकी कंपनी ने बच्चों के यौन शोषण से संबंधित किसी भी सामग्री को सख्ती से प्रतिबंधित किया हुआ है।