AI: एआई को लगी इंसानों वाली बीमारी! हो गया 'ब्रेन रॉट' का शिकार, यूजर्स को दे रहा घटिया कंटेंट
AI Brain Rot:
अब तक ‘ब्रेन रॉट’ को इंसानों की मानसिक समस्या माना जाता था, लेकिन नई स्टडी ने दिखाया है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भी इस जाल में फंस चुकी है। लगातार घटिया और सनसनीखेज डेटा से एआई की सोचने और समझने की क्षमता तेजी से घट रही है।

सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘ब्रेन रॉट’ शब्द तेजी से ट्रेंड कर रहा है। यह उस मानसिक स्थिति को दर्शाता है जब व्यक्ति लगातार घटिया और कम गुणवत्ता वाले ऑनलाइन कंटेंट का सेवन करता है, जिससे उसकी एकाग्रता और सोचने की क्षमता पर असर पड़ता है। अब तक इसे इंसानों की समस्या माना जाता था, लेकिन कॉर्नेल यूनिवर्सिटी की एक नई रिसर्च ने दिखा दिया है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) भी इस आधुनिक डिजिटल बीमारी से अछूता नहीं रहा है।

कॉर्नेल यूनिवर्सिटी की स्टडी में हुआ खुलासा
रिसर्च टीम ने अपने अध्ययन में ‘LLM Brain Rot Hypothesis’ पर काम किया, जिसके तहत उन्होंने जांचा कि जब किसी लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) को बार-बार भ्रमित करने वाले, सनसनीखेज या घटिया ऑनलाइन डेटा पर ट्रेन किया जाता है, तो उसकी तर्क करने और समझने की क्षमता धीरे-धीरे कम होने लगती है।

इस तरह AI हुआ ब्रेन रॉट का शिकार
इस अध्ययन के दौरान वैज्ञानिकों ने एक AI मॉडल को X (पहले ट्विटर) के घटिया या “जंक” डेटा पर ट्रेन किया, जिनमें “TODAY ONLY”, “WOW” जैसे वायरल, क्लिकबेट और अतिशयोक्तिपूर्ण शब्दों का इस्तेमाल था। इसके बाद मॉडल की परफॉर्मेंस को रीजनिंग और अंडरस्टैंडिंग टेस्ट जैसे बेंचमार्क्स पर परखा गया, जिसके नतीजे चौंकाने वाले थे। एआई मॉडल का रीजनिंग स्कोर 74.9 से घटकर 57.2 पर पहुंच गया, जबकि लॉन्ग-कॉन्टेक्स्ट समझने की क्षमता 84.4 से लुढ़क कर 52.3 तक पहुंच गई।