Whatsapp: व्हाट्सएप इस्तेमाल का मजा डबल कर देंगे ये शानदार फीचर्स, देखें पूरी लिस्ट

सोशल मीडिया और स्मार्टफोन के दौर में हर कोई आजकल मैसेज और चैटिंग के लिए व्हाट्सएप का इस्तेमाल करता है। इंस्टेंट मैसेजिंग एप व्हाट्सएप पर यूजर्स की सुविधा और यूजर इंटरफेस को बेहतर बनाने के लिए लगातार नए-नए फीचर्स जारी हो रहे हैं। हाल ही में व्हाट्सएप ने एक कमाल का फीचर ऑनलाइन स्टेटस हाइड की सुविधा को भी जारी कर दिया है। साथ ही कई और शानदार फीचर्स की बीटा टेस्टिंग भी की जा रही है। यदि आप भी व्हाट्सएप के इन्हीं मजेदार फीचर्स के बारे में जानना चाहते हैं तो यह रिपोर्ट आपके लिए है। इस रिपोर्ट में हम आपको व्हाट्सएप के कुछ शानदार फीचर्स के बारे में बताएंगे, जो आपके व्हाट्सएप मजा डबल कर देंगे। चलिए जानते हैं।

ऑनलाइन स्टेटस हाइड
व्हाट्सएप ने हाल ही में अपने नए प्रायवेसी फीचर ऑनलाइन स्टेटस हाइड की सुविधा को जारी किया है। इस फीचर में यूजर्स अपनी मर्जी से अपने ऑनलाइन स्टेटस को हाइड कर सकेंगे, जिसके बाद यूजर्स के कॉन्टेक्ट को उनका ऑनलाइन स्टेटस दिखाई नहीं देगा। यानी अब आप अपनी मर्जी से अपने ऑनलाइन स्टेटस को छिपा सकते हैं। इस फीचर को आईओएस और एंड्रॉइड दोनों प्लेटफॉर्म के लिए जारी किया गया है।

व्हाट्सएप अवतार
व्हाट्सएप ने बीटा यूजर्स के लिए हाल ही में अवतार फीचर को रोलआउट किया है। इस फीचर में अवतार का सेटअप करने के बाद इसे यूजर्स चैटिंग में स्टिकर के रूप में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं अपने अवतार को प्रोफाइल फोटो में भी लगाया जा सकता है। आने वाले हफ्ते में इसे अन्य यूजर्स के लिए पेश किया जा सकता है।