सोशल मीडिया की निगरानी के लिए सरकार तैयार कर रही साइबर वॉलंटियर्स, आप भी कर सकते हैं ज्वाइन

भारत सरकार सोशल मीडिया पर राष्ट्र विरोधी तत्वों और भ्रामक पोस्ट करने वालों की निगरानी के लिए एक साइबर सेना तैयार कर रही है जिसे साइबर वॉलंटियर्स नाम दिया जाएगा। देश का कोई भी आम आदमी सरकार के साइबर वॉलंटियर्स में शामिल हो सकेगा और सरकार के लिए काम कर सकेगा। साइबर वॉलंटियर्स का गठन गृह मंत्रालय के अंतर्गत होगा।

cybercrime.gov.in
पर दी गई जानकारी के मुताबिक सोशल मीडिया की निगरानी करने के लिए सरकार के साथ कोई भी आम नागरिक काम कर सकता है। यदि आप भी साइबर वॉलंटियर्स के तौर पर काम करना चाहते हैं तो आपको साइबर क्राइम वॉलंटियर्स के तौर पर खुद को रजिस्टर्ड करना होगा और उसके बाद आप किसी हिंसक, आपत्तिजनक, महिला विरोधी, गैंगरेप और राष्ट्र विरोधी जैसे सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर रिपोर्ट कर सकेंगे।

इस प्रोजेक्ट को इंडियन साइबर क्राइम को-ऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) नाम दिया गया है। इसकी शुरुआत पिछले सप्ताह जम्मू-कश्मीर में हो गई है। इसको लेकर पुलिस ने एक सर्कुलर भी जारी किया था। साइबर वॉलंटियर्स के लिए तीन कैटेगरी हैं जिनमें साइबर वॉलंटियर्स गैरकानूनी कंटेंट फ्लैगर, साइबर प्रमोटर और साइबर एक्सपर्ट शामिल हैं। इनमें से आप अपनी योग्यतानुसार किसी भी कैटेगरी के लिए आवेदन कर सकते हैं।