यूं ही सोशल मीडिया के 'बादशाह' नहीं हैं पीएम मोदी, राहुल-ट्रंप को पीछे छोड़ने की यह है रणनीति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले दुनिया के दूसरे नेता बन गए हैं। पहले नंबर पर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा हैं। इस मामले में उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पीछे छोड़ दिया है। वहीं वे सोशल मीडिया पर सबसे अधिक फॉलो किए जाने के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से 10 गुना आगे हैं। इसकी जानकारी डिजीटल मार्केटिंग प्लेटफॉर्म एसईएमरश ने अपनी रिपोर्ट में दी है। पीएम मोदी के फॉलोअर्स की बात करें तो मोदी के फेसबुक, टि्वटर और इंस्टाग्राम पर कुल मिलाकर 11.09 करोड़ फॉलोअर्स हैं, जबकि ओबामा के फॉलोअर्स की कुल संख्या 18.27 करोड़ हैं।

इस रिपोर्ट में हम बात करेंगे कि आखिर ट्विटर पर पीएम मोदी अन्य नेताओं से अलग कैसे हैं और वे किस तरह के ट्वीट करते हैं। बता दें कि ट्विटर पर मोदी के फॉलोअर्स की संख्या 47.2 मिलियन (4.72 करोड़), राहुल गांधी के 9.38 मिलियन (93 लाख 80 हजार) और डोनाल्ड ट्रंप के फॉलोअर्स की संख्या 60.1 मिलियन (6.01 करोड़) है। अब सवाल यह है कि आखिर मोदी ट्विटर पर ऐसा क्या करते हैं वे दुनिया के सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले नेताओं की लिस्ट में आ गए हैं?

अभिनंदन का वेलकम ट्वीट हुआ है 65,730 बार री-ट्वीट
भारतीय वायु सेना के पायलट और विंग कमांडर अभिनंदन को 1 मार्च को पाकिस्तान ने रिहा किया था। अभिनंदन को रिहा किए जाने को लेकर पीएम मोदी ने ट्वीट किया था, 'वेलकम होम विंग कमांडर अभिनंदन! आपके अदम्य साहस पर देश को गर्व है। हमारी सशस्त्र सेनाएं 130 करोड़ भारतीयों की प्रेरणा हैं। वंदे मातरम!' पीएम मोदी के इस ट्वीट को अभी तक 65,730 बार री-ट्वीट किया गया है और इस ट्वीट को 270,843 बार लाइक किया गया है।