क्या सच में PM मोदी की जीत पर पाकिस्तान में मना जश्न, लगे मोदी-मोदी के नारे?

सोशल मीडिया पर कई देसी-विदेशी वीडियो और तस्वीरें इस दावे के साथ सर्कुलेट की जा रही हैं कि पूरी दुनिया में नरेंद्र मोदी की लोकसभा चुनाव-2019 में हुई जीत का जश्न मनाया जा रहा है। नरेंद्र मोदी ने बेशक इन चुनावों में एक ऐतिहासिक जीत हासिल की है और वो दूसरी बार भारत के प्रधानमंत्री बनने में सफल हुए हैं। साथ ही नेहरू युग के बाद 1971 में इंदिरा गांधी के दोबारा चुने जाने के बाद नरेंद्र मोदी अकेले ऐसे प्रधानमंत्री बन गये हैं जिन्हें जनता ने दोबारा पूर्ण बहुमत से चुना है। लेकिन उनके समर्थक सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो पोस्ट कर रहे हैं जिनका लोकसभा चुनाव या चुनाव के नतीजों से कोई संबंध नहीं है।

नोट उड़ाता भारतीय बिजनेसमैन?
सोशल मीडिया पर एक वीडियो इस दावे के साथ सर्कुलेट किया जा रहा है कि न्यूयॉर्क में रह रहे एक भारतीय व्यापारी ने मोदी की जीत पर एक लाख अमरीकी डॉलर लोगों में बांट दिये। इस वीडियो में दिखाई देता है कि एक आदमी सड़क पर नोट उड़ा रहा है और उसके आस-पास खड़ी भीड़ उन नोटों को उठा रही है। कुछ लोगों ने दावा किया है कि ये वीडियो अमरीका का नहीं, बल्कि कनाडा का है।

पड़ताल में पाया गया कि ये वीडियो तो सही है, सड़क पर नोट उड़ाने की यह घटना हुई थी, लेकिन इसके साथ जो दावा किया गया है, वो फर्जी है। वायरल वीडियो में जो शख्स सड़क पर नोट उड़ाता दिख रहा है, उसका नाम जो कुश है। वो एक पेशेवर म्यूजिक प्रोड्यूसर और वीडियो इंजीनियर है, न कि कोई 'भारतीय अरबपति बिजनेसमैन'। रिवर्स इमेज सर्च से पता चलता है कि न्यूयॉर्क के 'कोलहोलम' नाम के इंस्टाग्राम यूजर ने 16 मई 2019 को यह वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो के साथ इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा, "मैनहैटन शहर की 47वीं स्ट्रीट पर यह शख्स नोट उड़ाता हुआ दिखा। शायद वो कोई वीडियो शूट कर रहे थे।" हमने पाया कि जो कुश ने अपने पर्सनल इंस्टाग्राम पेज पर नोट उड़ान के कई अन्य वीडियो भी पोस्ट किये हैं।