Donald Trump: ट्रंप की ट्विटर पर वापसी को लेकर कराए गए पोल पर भड़के यूजर्स, मस्क ने कही ये बात

एलन मस्क के ट्विटर मालिक बनते ही अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्विटर पर वापसी के कयास लगाए जा रहे थे। अब इसको लेकर रास्ता साफ होता दिख रहा है। दरअसल, ट्विटर के नए बॉस एलन मस्क ने आज यानी शनिवार को एक ट्विटर पोल किया है। इसमें उन्होंने पूछा है कि क्या पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप के खाते को बहाल किया जाना चाहिए? इस पोल को लेकर कई यूजर्स मस्क पर भड़क गए हैं। हालांकि, पोल में ज्यादातर वोट ट्रंप की वापसी को लेकर किए गए हैं।

एक यूजर ने लिखा- ये आदमी प्लेटफॉर्म को बर्बाद कर देगा
मस्क के इस पोल पर खबर लिखे जाने तक 1.06 करोड़ से भी ज्यादा लोगों ने वोट किया है। अब तक ट्रंप की ट्विटर पर वापसी के पक्ष में 52.3 प्रतिशत और डोनाल्ड ट्रंप के विरोध में 47.7 प्रतिशत लोग हैं। वहीं इस पोल पर यूजर्स अलग-अलग तरह के कमेंट्स भी कर रहे हैं। एक यूजर्स ने पोल पर लिखा कि ये आदमी प्लेटफॉर्म को पूरी तरह बर्बाद कर देगा और यह अब तय है। वहीं कई बड़ी हस्ती भी ट्रंप की वापसी वाले पोल को लेकर मस्क को फटकार लगा रही हैं।

क्या-क्या कमेंट्स कर रहे हैं यूजर्स
मस्क के ट्रंप की वापसी वाले पोल पर एक गैर-लाभकारी लाइब्रेरी की मंडल अध्यक्ष ने लिखा कि यदि ट्विटर पर ट्रंप की वापसी होती है तो वह प्लेटफॉर्म छोड़ देंगी। वहीं कई अन्य यूजर्स भी तमाम तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने मस्क को इसी तरह के अन्य पोल करनी की सलाह भी दे डाली। एक यूजर ने पोल पर चुटकी लेते हुए कहा कि अगर ट्रंप इस चुनाव में हार जाते हैं तो वह कहेंगे कि इसमें धांधली हुई है। इस पोल पर मस्क भी लगातार यूजर्स की कमेंट का जवाब दे रहे हैं। मस्क ने लिखा-ट्विटर ट्रम्प पोल देखने में आकर्षक और मजेदार लग रहा है।