नए फेसबुक पर मिलेंगी अब आपको ये पांच नई चीजें

आम जिंदगी में फेसबुक की दखल और बढ़ने वाली है। या यूं कहिए कि आने वाले 10 वर्षों में फेसबुक आपकी लाइफबुक बनने वाला है। ये अतिश्योक्ति नहीं बल्कि कंपनी के सीईओ मार्क जकरबर्ग के दावे हैं। जकरबर्ग वो हर काम फेसबुक के जरिए करना चाहते हैं जिनसे हम और आप रोजाना दो-चार होते हैं। फर्ज कीजिए आपको भूख लगी है और आपको बर्गर खाना है। ये काम भी फेसबुक से ही हो जाएगा। ये मजाक नहीं, सच है। जकरबर्ग के प्लान के मुताबिक फेसबुक 'चैटबोट' पर काम कर रहा है। इसके जरिए तमाम कंपनियों को फेसबुक मैसेंजर पर सेवाएं देने के लिए आमंत्रित किया गया है। एकबार ये सेवा शुरू होने के बाद आप अपनी जरूरत के हिसाब से डायरेक्ट सामान मुहैया कराने वाली कंपनियों से चैट कर पाएंगे और उन्हें ऑर्डर भी कर सकेंगे। कंपनियां आपके दरवाजे पर ही ऑर्डर को डिलीवर कर देंगी। यानी आपको और किसी ऑनलाइन साइट पर अलग से लॉगिन कर प्रॉडक्ट ढूंढ़ने और फिर उसे ऑर्डर करने की जहमत नहीं उठानी पड़ेगी।

फेसबुक के करोड़ों यूजर हैं। और रोजाना हजारों वीडियो साइट पर शेयर किए जाते हैं। लेकिन अब फेसबुक अपने यूजरों को वीडियो शेयरिंग का एकदम अनोखा अनुभव देने वाला है। जकरबर्ग की मानें तो जल्द ही फेसबुक पर लाइव वीडियो देखना संभव होगा। यानी आप कहीं वीडियो फिल्मा रहे हैं और आप चाहते हैं कि आपसे जुड़े दोस्त या तमाम फेसबुक यूजर उस वीडियो को उसी वक्त देखें, तो आप ये कर पाएंगे। इसमें ड्रोन कैमरों से सूट होने वाले वीडियो का सीधा प्रसारण भी शामिल है।

आप किसी बीच पर या किसी बर्फ से ढके पहाड़ पर तस्वीर लेते हैं और आपके दोस्त, परिवार वाले या अन्य करीबी इसमें शामिल हैं। आप तस्वीर पोस्ट तो करना चाहते हैं लेकिन पूरा ब्योरा बताने की जहमत उठाना नहीं चाहते। तो परेशान मत हों, ये जहमत भी फेसबुक उठा लेगा। फेसबुक खुद से तस्वीर में दिखने वाली हर झलक पहचान लेगा। आप भले ही भूल जाएं कि आपने तस्वीर लेते वक्त काले रंग की टीशर्ट और नीले रंग जींस पहनी थी, फेसबुक ये याद रखेगा। आपकी सराउंडिंग को भी फेसबुक पहचान लेगा। उसे पता होगा कि आप रेत पर हैं, बर्फ पर या पानी में। है न कमाल की बात?