शाओमी ने किफायती स्मार्टफोन के बाद लॉन्च किया किफायती ड्रोन

चीन की स्मार्टफोन निर्माता कंपनी शाओमी का बनाया पहला ड्रोन सामने आया है। शाओमी एमआई ने इस ड्रोन की कीमत ड्रोन बनाने में मार्केट लीडर चीनी कंपनी डीजेआई के ड्रोन फैंटम 3 की कीमत की तुलना में काफी कम रखी है। एमआई ड्रोन की कीमत लगभग 25 हजार रुपए है जबकि फैंटम-3 की कीमत 50 हजार रुपए है।

शाओमी का ड्रोन तकरीबन आधे घंटे तक हवा में रह सकते हैं। इसमें स्टेब्लाइज्ड कैमरे का भी विकल्प मौजूद है। पिछले दिनों मोबाइल बाज़ार मंदा रहा है और शाओमी अपने टार्गेट पूरे नहीं कर पाई है। कंपनी अपने इस कदम से ड्रोन के तेजी से बढ़ रहे कारोबार में कुछ कर दिखाना चाहती है।

एमआई ड्रोन अपने आप एक जगह घेरे में घूम सकता है। वेब पत्रिका एनगैजेट के चीनी एडिटर-इन-चीफ रिचर्ड लाई ने बीबीसी को बताया, "एमआई ड्रोन और डीजेआई के फैन्टम-3 के फीचर लगभग एक से हैं। लेकिन शाओमी के इस उत्पाद की कीमत अपेक्षाकृत इतनी कम है कि आश्चर्य है कि यह कोई मुनाफा कमा भी पाएगी या नहीं।"