ठंड के लिए वरदान हैं ये गैजेट्स, हीटेड जैकेट से लेकर हीटिंग ग्लव्स तक, देखें लिस्ट

ठंड के मौसम में तमाम कोशिशों के बाद भी कई बार समझौता करना पड़ता है और न चाहते हुए भी ठंड में कई काम करने पड़ते हैं। लेकिन अब बहुत सारे ऐसे गैजेट्स बाजार में मौजूद हैं जो ठंड में सफर या काम के दौरान राहत दे सकते हैं। सर्दी के मौसम में हम खुद को ठंड से बचाने के लिए कई उपाय करते हैं। लेकिन तमाम कोशिशों के बाद कई जगह महसूस होता है कि काश यहां कुछ ऐसा होता जो सर्दी से राहत देता। ऐसे 'काश' वाले लम्हों को ध्यान में रखकर तकनीक के इस दौर में बहुत से आधुनिक उपकरण बनाए गए हैं, जिन्हें घर, सफर या दफ्तर में इस्तेमाल कर ठंड से बचा जा सकता है। ये गैजेट्स आपके हाथ, पैर और शरीर को गर्म रखने के साथ-साथ गर्म खाने और गर्म चाय-कॉफी का भी बंदोबस्त कर सकते हैं।

हीटिंग ग्लव्स :
ठंड में काम करते समय जब उंगलियां की-बोर्ड पर होती हैं, तो कितने भी भारी-भरकम कपड़े पहन लो लेकिन हाथ लगातार ठंड की शिकायत करते हैं। दस्ताने पहनकर की-बोर्ड पर काम करने में बहुत परेशानी होती है। ऐसे में सोचते हैं कि काश कुछ होता जिससे उंगलियां गर्म रहतीं! इस काश के जवाब के तौर बाजार में हीटिंग ग्लव्स में आ चुके हैं। इनका इस्तेमाल करने के लिए यूएसबी से पावर देने की जरूरत होती है। यह ग्लव्स आपके हाथों को गर्माहट देतें साथ ही सामने की तरफ से खुले होने की वजह से काम में भी दिक्कत नहीं देते। इसके अलावा मोरेटेक ने ब्लूटूथ टोपा पेश किया है। यह कानों को ठंड से बचाता है साथ ही इसे स्मार्टफोन से कनेक्ट करके बिना हेडफोन से संगीत का आनंद उठा सकते हैं। इसके साथ टच-स्क्रीन-फ्रेंडली दस्ताने भी बाजार में मौजूद हैं जिन्हें पहनकर आसानी से स्मार्टफोन काम लिया जा सकता है।

मरकरी इंटेलिजेंट हीटेड जैकेट :
यदि बहुत ज्यादा ठंडे इलाके में रहते हैं, तो मरकरी इंटेलिजेंट गर्म जैकेट ले सकते हैं। इसे एमआईटी स्नातकों द्वारा तैयार किया है। हीटिंग एलीमेंट्स से बनी यह जैकेट ठंड के मौसम में आपको गर्मी का अहसास कराएगी। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भी प्रयोग किया गया है, जो व्यक्तिगत वरीयताओं को जल्दी से सीखने और बाहरी वातावरण पर प्रतिक्रिया देने की क्षमता देता है। इसकी सेटिंग्स को इसके एप या एलेक्सा के माध्यम से बदल सकते हैं।