TAGG Verve Ultra Review: स्टाइलिश और किफायती स्मार्टवॉच

टैग (TAGG) ने पिछले महीने ही भारतीय बाजार में अपनी वर्व सीरीज की नई स्मार्टवॉच TAGG Verve Ultra को पेश किया है। TAGG Verve Ultra की कीमत 2,999 रुपये है। TAGG Verve Ultra में 1.69 इंच की 3D कर्व्ड डिस्प्ले दी गई है। इसके अलावा इसमें ब्लड ऑक्सीजन मॉनिटर करने के लिए SPO2 सेंसर भी दिया गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि TAGG Verve Ultra को वाटर और डस्टप्रूफ के लिए IPX68 की रेटिंग मिली है। टैग की इस वॉच का कड़ा मुकाबला Realme Dizo Watch 2 के साथ है जिसकी कीमत 2,999 रुपये है। आइए रिव्यू में जानते हैं कैसी है टैग की यह TAGG Verve Ultra स्मार्टवॉच?

TAGG Verve Ultra Review: डिजाइन
डिजाइन के मामले में TAGG Verve Ultra आपको पसंद आएगी। इसकी बॉडी मेटल (जिंक एलॉय) की है और स्ट्रैप के लिए सिलिकॉन के अलावा मैग्नेट का भी विकल्प मिलता है। रिव्यू के लिए हमारे पास मैग्नेट स्टैप वाली TAGG Verve Ultra थी। इसे इस्तेमाल करना काफी आरामदायक रहा। मैग्नेटिक स्ट्रैप होने की वजह से यह किसी भी साइज की कलाई में फिट हो सकती है।

मैग्नेट स्ट्रैप होने पर स्मार्टवॉच के हाथ से फिसलने का डर लगा रहता है, हालांकि TAGG Verve Ultra के साथ ऐसा नहीं रहा। फिटिंग जबरदस्त है और इसकी बिल्ड क्वॉलिटी भी अच्छी है। डिजाइन के मामले में यह एपल वॉच जैसी है। राइट साइड में थोड़ा ऊपर की ओर एक बटन मिलता है। इस ग्रे, ब्लैक और पिंक कलर में खरीदा जा सकता है। स्मार्टवॉट का कुल वजन 43 ग्राम है।

TAGG Verve Ultra Review: डिस्प्ले
टैग की इस स्मार्टवॉच की डिस्प्ले की बात करें तो डिस्प्ले बाजार में मौजूद अन्य वॉच के मुकाबले बड़ी है। डिस्प्ले का कलर और कॉन्ट्रास्ट अच्छा है। डिस्प्ले की ब्राइटनेस 500 निट्स है। ऐसे में कड़ी धूप में कुछ खास परेशानी नहीं होती है। इसमें 1.69 इंच की एलसीडी आईपीएस डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 240x280 पिक्सल है। डिस्प्ले के साथ बेजल अधिक नहीं है। ऐसे में आपको बड़ी डिस्प्ले मिलती है। डिस्प्ले का टच स्मूथ और फास्ट है।