Realme Narzo 30 Pro, Narzo 30A: रियलमी ने भारत में लॉन्च किया सबसे सस्ता 5G स्मार्टफोन

रियलमी ने अपने दो नए स्मार्टफोन Realme Narzo 30 Pro 5G और Realme Narzo 30A को भारत में लॉन्च कर दिया है। इनमें से Realme Narzo 30 Pro एक 5G स्मार्टफोन है जबकि Realme Narzo 30A एक 4जी स्मार्टफोन है। Realme Narzo 30 Pro 5G पिछले साल अक्तूबर में लॉन्च हुए Realme Q2 का री-ब्रांडेड वर्जन है। Realme Narzo 30 Pro 5G को भारत में मीडियाटेक Dimensity 800U प्रोसेसर के साथ लॉन्च किया गया है, जबकि Realme Narzo 30A मीडियाटेक हीलियो G85 प्रोसेसर दिया गया है। इन दोनों फोन के साथ कंपनी ने रियलमी मोशन एक्टिवेटेड नाइट लाइट (Realme Motion Activated Night Light) और ईयरबड्स को भी लॉन्च किया है।

Realme Narzo 30 Pro 5G, Realme Narzo 30A, Realme Night Light की कीमत
Realme Narzo 30 Pro 5G के 6 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 16,999 रुपये और 8 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 19,999 रुपये है। फोन को स्वॉर्ड ब्लैक और ब्लेड सिल्वर कलर में खरीदा जा सकेगा। Realme Narzo 30A के 3 जीबी रैम और 32 जीबी स्टोरेज की कीमत 8,999 रुपये और 4 जीबी रैम के साथ 64 जीबी वेरियंट की कीमत 9,999 रुपये है। यह फोन लेजर ब्लैक और लेजर ब्लू कलर में मिलेगा। Realme Narzo 30 Pro 5G की बिक्री चार मार्च को दोपहर 12 बजे फ्लिपकार्ट और रियलमी की वेबसाइट से होगी, वहीं Realme Narzo 30A को पांच मार्च को खरीदा जा सकेगा। Realme Motion Activated Night Light को 599 रुपये में खरीदा जा सकेगा।

Realme Narzo 30 Pro 5G की स्पेसिफिकेशन
Realme Narzo 30 Pro 5G में एंड्रॉयड 10 आधारित Realme UI है। इसमें 6.5 इंच की फुल एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1080x2400 पिक्सल है। डिस्प्ले का रिफ्रेश रेट 120Hz और अधिकतम ब्राइटनेस 600 निट्स है। फोन में मीडियाटेक Dimensity 800U 5डी प्रोसेसर, 8 जीबी तक LPDDR4X रैम और 128 जीबी तक की स्टोरेज दी गई है। कैमरे की बात करें तो इसमें ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप है जिसमें मेन लेंस 48 मेगापिक्सल का f/1.8 अपर्चर वाला है। दूसरा लेंस 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल और तीसरा लेंस 2 मेगापिक्सल का मैक्रो लेंस है। सेल्फी के लिए फोन में 16 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है। इस फोन में तीन कार्ड स्लॉट हैं। इसके अलावा इसमें 5G, 4G LTE, Wi-Fi 802.11 ac, ब्लूटूथ v5.1, GPS/A-GPS और टाइप सी पोर्ट है। फोन में साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। फोन में 5000mAh की बैटरी है जो 30W की डर्ट फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। फोन का वनज 194 ग्राम है।