Ptron Bassbuds Vista Review: 1,299 रुपये में शानदार बास और वायरलेस चार्जिंग वाला ईयरबड्स

पिछले महीने प्रमुख घरेलू ऑडियो एसेसरीज निर्माता कंपनी Ptron ने एक साथ दो ईयरबड्स भारत में लॉन्च किए हैं जिनमें Ptron Bassbuds Vista और Ptron Bassbuds Pro शामिल हैं। इनकी कीमतें क्रमशः 1,299 रुपये और 1,199 रुपये हैं। इनमें से Ptron Bassbuds Pro में एक डिजिटल बैटरी इंडिकेटर है, जबकि Ptron Bassbuds Vista वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट के साथ आता है। इसके साथ बॉक्स में एक 5वॉट का वायरलेस चार्जर भी मिलेगा। इनमें से Ptron Bassbuds Vista को हमनें रिव्यू के लिए एक सप्ताह तक इस्तेमाल किया है। आइए जानते हैं कैसा यह 1,299 रुपये में वायरलेस चार्जिंग के साथ आने वाला यह ईयरबड्स?

Ptron Bassbuds Vista Review: स्पेसिफिकेशन
Ptron Bassbuds Vista में कनेक्टिविटी के लिए ब्लूटूथ 5.1 है। चार्जिंग के लिए इसमें माइक्रो यूएसबी पोर्ट भी है। इसे वॉटर और डस्टप्रूफ के लिए IPX4 की रेटिंग भी मिली है। बड्स की बैटरी को लेकर चार घंटे के बैकअप का दावा किया गया है। वहीं चार्जिंग के साथ अतिरिक्त आठ घंटे के बैकअप का दावा है। इसके साथ मिलने वाले वायरलेस चार्जिंग पैड से दूसरी डिवाइस को भी चार्ज किया जा सकेगा। चार्जिंग पैड ईयरबड्स के साथ बॉक्स में ही मिलेगा। इसमें 10एमएम का ड्राइवर दिया गया है। चार्जिंग केस में 400mAh की बैटरी है। एचडी कॉलिंग के लिए इसमें सेरामिक माइक है। इसमें ओमनीडायरेक्शनल माइक्रोफोन है। चार्जिंग केस और बड्स का कुल वजन 45 ग्राम है। गेमिंग के लिए इसमें लो लैटेसी स्ट्रिमिंग है।

Ptron Bassbuds Vista Review: डिजाइन
डिजाइन की बात करें तो दोनों ईयरबड्स में कंपनी ने टच की जगह बटन दिया है जिसकी प्लेसमेंट ऊपर की ओर है। दोनों बड्स की लंबाई भी आइडियल है। तेजी से टहलने या दौड़ने पर बड्स के गिरने का खतरा नहीं रहता है। बड्स में एलईडी लाइट्स भी दी गई है। दोनों ईयरबड्स और चार्जिंग केस की बॉडी तो प्लास्टिक की है लेकिन ऊपर से सिलिकॉन की कोटिंग है जिससे ग्रिपिंग अच्छी बनती है। चार्जिंग केस में चार्जिंग के लिए वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट और माइक्रो यूएसबी पोर्ट दोनों की सुविधा है। चार्जिंग केस में बैटरी के लिए इंडिकेटर दिया गया है जिसमें चार लेबल हैं। बिल्ड क्वॉलिटी अच्छी है। इसे ब्लू, ब्लैक, व्हाइट और ग्रे कलर वेरियंट में खरीदा जा सकता है। तो कुल मिलाकर डिजाइन अच्छी है।