5 कैमरे वाला Nokia 9 PureView लॉन्च, मिलगा वायरलैस चार्जिंग का फीचर, पढ़ें और क्या है खास

बर्सिलोना में चल रहे मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2019 में नोकिया ने अपना Nokia 9 PureView स्मार्टफोन को लॉन्च कर दिया। लंबे समय से इस फोन को लेकर कई कयास लगाए जा रहे थे। गूगल एंड्रॉयड वन पर चलने वाले Nokia 9 PureView की खूबी यह कि इसमें पीछे की तरफ 5 कैमरे दिए गए हैं। इनमें 3 मोनोक्रोम और 2 आरजीबी लेंस वाले हैं और सभी कैमरे f/1.82 अपर्चर वाले हैं। वहीं इसमें 5.99 इंच की 2के स्क्रीन, 6 जीबी की रैम के साथ क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 845 चिपसेट दिया गया है। Nokia 9 PureView एंड्रॉयड पाई पर चलता है।

एचएमडी ग्लोबल के मुताबिक Nokia 9 PureView केवल एक ही रंग मिडनाइट ब्लू रंग में ही लॉन्च का जाएगा। नोकिया 9 प्योरव्यू के कैमरा की बात करें, तो इसके कैमरा सिस्टम को ‘लाइट’ के साथ मिलकर डेवलप किया गया है। कैमरा सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए एचएमडी ग्लोबल ने स्नैपड्रैगन और गूगल के साथ मिलकर काम किया है, ताकि स्नैपड्रैगन 845 चिपसेट का बढ़िया इस्तेमाल और गूगल फोटो एप बेहतर तरीके से काम कर सके। फोन के सभी रिअर कैमरा के लैंस ज़ाइस से सर्टिफाइड हैं, इनमें 3 लैंस 12 मैगापिक्सल मोनोक्रोम सेंसर और बाकी 2 12 मैगापिक्सल आरजीबी सेंसर वाले हैं। जैसे ही कोई कैमरा का इस्तेमाल करेगा, पांचों लैंस मिल कर काम करेंगे और एक सिंगल इमेज क्रिएट करेंगे। वहीं फ्रंट में सेल्फी शूट के लिए 20 मैगापिक्सल का कैमरा दिया गया है।

वहीं Nokia 9 PureView में इन-डिस्पले फिंगरप्रिंट सेंसर के साथ 18.5:9 आस्पेक्ट रेशियो वाली 5.99 इंच की क्वॉड-एचडी प्लस (1440x2960 पिक्सल्स) स्क्रीन दी गई है। फोन में 6 जीबी की रैम और 128 जीबी की इनबिल्ट स्टोरेज, यूएसबी टाईप-सी पोर्ट, वायरलैस चार्जिंग सपोर्ट के साथ 3320 एमएएच की बैटरी दी गई है। फोन के कनेक्टिविटी ऑप्शंस की बात करें, तो इसमें वाई-फाई5, ब्लूटूथ 5.0 और एनएफसी का फीचर दिया गया है। इसके अलावा पानी और धूल से बचाव के लिए फोन आईपी67 सर्टिफाइड है। वहीं फोन में 3.5 एमएम ऑडियो जैक का सपोर्ट नहीं मिलेगा।
Nokia 9 PureView के सॉफ्टवेयर की बात करें, तो यह एंड्रयॉड 9 पाई पर चलेगा और पांचों कैमरों पर बेहतर कंट्रोल के लिए इसमें नेक्स्ट जेन प्रो कैमरा इंटरफेस दिया गया है। Nokia 9 PureView के कैमरा से मोनोक्रोम शॉट्स भी लिए जा सकते हैं।