Mivi Collar 2 Review: कितना दम है 1,199 रुपये वाले इस Made In India वायरलेस नेकबैंड में?

घरेलू कंपनी Mivi ने नए साल की शुरुआत अपने वायरलेस नेकबैंड कॉलर 2 (Mivi Collar 2) के साथ की है। Mivi Collar 2 पिछले साल लॉन्च हुए कॉलर 1.0 की सफलता के बाद लॉन्च किया गया है। यह पहले वाले वर्जन का अपग्रेडेड वर्जन है। मिवी कॉलर 2 की कीमत 1,399 रुपये रखी गई है, लेकिन लॉन्चिंग ऑफर के तहत इसे 1,199 रुपये में खरीदा जा सकता है। Mivi Collar 2 को हमने एक सप्ताह तक इस्तेमाल करके रिव्यू किया है। आइए देखते हैं कैसा है यह वायरलेस ईयरफोन?

Mivi Collar 2 की स्पेसिफिकेशन
पहली बात तो यह कि कंपनी के दावे के मुताबिक Mivi Collar 2 पूरी तरह से एक मेड इन इंडिया वायरलेस नेकबैंड है। इसे कंपनी के हैदराबाद प्लांट में तैयार किया गया है। कंपनी ने इसकी बैटरी को लेकर 10 घंटे के प्लेबैक का दावा किया गया है। कंपनी ने यह भी कहा है कि इसमें सुपरचार्जिंग है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें ब्लूटूथ 5.0 दिया गया है। इसमें वॉयस असिस्टेंट का भी सपोर्ट है यानी आप गूगल असिस्टेंट और एपल सिरी को भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसकी बॉडी प्लास्टिक की है। बॉक्स में तीन जोड़ी बड्स, वारंटी कार्ड और माइक्रो यूएसबी केबल मिलते हैं। दोनों बड्स मैग्नेट के साथ आते हैं जिससे दोनों आपस में चिपक जाते हैं। इसके साथ एक साल की वारंटी मिलती है। यह नेकबैंड स्वेटफ्रूफ है यानी पसीने या पानी की छीटें का इस पर असर नहीं होगा, हालांकि कंपनी ने IPX रेटिंग के बारे में जानकारी नहीं दी है।

Mivi Collar 2 की डिजाइन
Mivi Collar 2 की डिजाइन की बात करें तो आमतौर पर चार्जिंग पोर्ट साइड में मिलता है लेकिन मिवी ने इसमें ठीक नीचे की ओर दिया है जो कि हमें पसंद आया। वॉल्यूम और पावर बटन लेफ्ट में ही हैं। वायर की लंबाई परफेक्ट है और मैटेरियल भी बढ़िया है। Mivi Collar 2 छह कलर वेरियंट में मिलता है। बैंड के नेक वाले हिस्से पर हल्की सिलिकॉन कोटिंग है। फिटिंग बहुत ही शानदार है। आमतौर पर रबड़ बड्स वाले ईयरफोन कान को पूरी तरह से पैक कर देते हैं लेकिन Mivi Collar 2 के साथ ऐसा नहीं है। Mivi Collar 2 को लंबे समय तक आराम से इस्तेमाल किया जा सकता है। आपके कानों में दर्द नहीं होगा। डिजाइन और बिल्ड क्वॉलिटी प्रीमियम तो नहीं लेकिन ठीक है।