काशीपुर में धान खरीद शुरू नहीं होने से नाराज किसानों ने मंडी बंद कर विरोध जताया। किसानों का आरोप है कि एक तारीख से धान खरीद शुरू करने का भरोसा दिया गया था, लेकिन कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद खरीद शुरू नहीं हुई। इससे किसानों का धैर्य जवाब देने लगा है। किसानों ने बताया कि जिले से लेकर मंडी और आरएफसी कार्यालय तक अधिकारियों ने धान खरीद शुरू कराने का भरोसा दिया था। पटवारी से लेकर एसडीएम और मुख्यमंत्री स्तर तक आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक खरीद शुरू नहीं हो सकी है। किसानों का कहना है कि बार-बार वादे किए गए, लेकिन धरातल पर कार्रवाई नजर नहीं आ रही। किसानों ने मंडी बंद कर अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़क जाम कर आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे। किसानों के मुताबिक, सड़क जाम करने का निर्णय भी उसी दिन लेने की बात कही गई। प्रदर्शन में भारतीय किसान यूनियन युवा के जितेंद्र सिंह जीतू, प्रताप सिंह, बलविंदर सिंह, धरबेर सिंह सहित अन्य किसान मौजूद रहे।