पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के बिण विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्र बगरैली से प्रदेश में आंगन का मिलन अभियान का आगाज हुआ। बाल विकास मंत्री ने दीप जलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। वहीं लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट भेंट करने के साथ गर्भवतियों की गोदभराई की गई। बाल विकास और जिले की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने आंगन का मिलन अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण और प्रारंभिक शिक्षा का केंद्र ही नहीं बल्कि माताओं, बहनों और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार का संकल्प है कि इन योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि आंगन का मिलन अभियान के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों से अधिक लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के तहत माताओं, बहनों, बच्चों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। 25 सितंबर से सात अक्तूबर तक प्रदेश के 20,067 आंगनबाड़ी केंद्रों में यह कार्यक्रम आयोजित होगा। आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता, सहायिकाएं औ सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके समर्पण और उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता है।