फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पौड़ी में 24वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज, 11 जिलों के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

पौड़ी मुख्यालय के कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम में गुरुवार को उत्साह, उमंग और जोश के बीच 24वीं विद्यालयी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी एवं मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। 22 से 24 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 जनपदों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। देहरादून स्पोर्ट्स हॉस्टल के खिलाड़ी भी मुकाबलों में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक वर्ग में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर स्थानीय विधायक ने ध्वजारोहण कर खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलायी। इसके बाद विधायक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने बैडमिंटन खेलकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। अतिथियों के कोर्ट में उतरने के साथ ही खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा और आयोजन में खेल भावना का जीवंत रंग देखने को मिला। इस दौरान जीआईसी पौड़ी एवं हिल्स इंटरनेशनल स्कूल पौड़ी के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में चार चांद लगाए। प्रभारी जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) अंशुल बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत किया। स्थानीय विधायक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं। विद्यालयी स्तर पर आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने, अनुभव हासिल करने और राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह, मेहनत और खेल भावना के साथ मुकाबलों में उतरने तथा अपने प्रदर्शन से जनपद और प्रदेश का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं भी दीं। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। खेल बच्चों को टीम भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में जीत हासिल करना महत्वपूर्ण है, लेकिन खेल भावना के साथ खेलना, प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करना और हर मुकाबले से कुछ नया सीखना भी उतना ही मायने रखता है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने तथा खेलों में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें