बागेश्वर। पंडित बीडी पांडेय परिसर में छात्रसंघ चुनाव की नामांकन प्रक्रिया को लेकर बढ़ा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बृहस्पतिवार की देर रात हुए हंगामे के बाद शुक्रवार को अवकाश के बावजूद छात्रसंघ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं निदेशक कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। आक्रोशित छात्रों ने परिसर प्रशासन पर सत्ता के दबाव में आकर एकतरफा कार्रवाई करने का गंभीर आरोप लगाया है। प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं का कहना है कि जिले के अन्य महाविद्यालयों में नामांकन की प्रक्रिया शुक्रवार को तय थी और पत्रों की जांच शनिवार को होनी थी, लेकिन बीडी पांडेय परिसर में सरकार के इशारे पर एक ही दिन में नामांकन, जांच और सूची जारी करने का कार्यक्रम आनन-फानन में निपटाया गया। छात्रों ने यह भी सवाल उठाया कि जब सूची सार्वजनिक करने का निर्धारित समय शाम चार बजे तय था, तो इसे रात करीब सात बजे क्यों जारी किया गया? छात्रों ने पूरी प्रक्रिया को संदेहास्पद बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।