सोनभद्र जिले की पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से जुलाई से अब तक 207 खोए और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल के मार्गदर्शन में सर्विलांस सेल, एसओजी और जिले के सभी थानों की संयुक्त टीमों ने अभियान चलाया। टीमों ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी कर गुम मोबाइलों को ट्रेस किया। इसके बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें बरामद किया गया।मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताते हुए पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई सर्विलांस सेल, एसओजी और थाना पुलिस के समन्वित प्रयास का परिणाम है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर तत्काल सीईआईआर पोर्टल अथवा नजदीकी थाने में सूचना दें, ताकि समयबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा सके।