ओडिशा से 118 किलो गांजा लेकर मिर्जापुर जा रहे तीन तस्करों को सोनभद्र पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात गिरफ्तार किया। करमा थाना और एसओजी की संयुक्त टीम को करनवाह गांव के पास चेकिंग के दौरान यह सफलता मिली। तस्करों के कब्जे से बरामद 118.6 किलो गांजे की अनुमानित कीमत 60 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा एक्सयूवी-500 और मारुति सुजुकी ब्रेजा कार, पांच मोबाइल फोन और 8280 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 95 लाख रुपये है।