सोनभद्र में चकिया विधानसभा के पूर्व विधायक शारदा प्रसाद और उनके यहां घरेलू कार्य करने वाली महिला व उसके परिजनों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने मां-बेटे समेत पांच नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। घटना से संबंधित एक कथित वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, एक नवंबर को पूर्व विधायक शारदा प्रसाद और रॉबर्ट्सगंज निवासी जानकी देवी व उनके परिजनों के बीच विवाद हुआ था। जानकी देवी पत्नी रामनारायण ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से पूर्व विधायक के रॉबर्ट्सगंज और बिच्छी स्थित आवास पर घरेलू कामकाज और सेवा-सत्कार का कार्य करती हैं।