संभल। दिशा की बैठक से निकलते ही सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क और भाजपा की विधायक व राज्यमंत्री गुलाब देवी ने एक दूसरे पर हमला किया। जहां एक तरफ सांसद ने सपा की सरकार 2027 में बनने का दावा किया तो वहीं दूसरी ओर राज्यमंत्री ने भी कहा कि आगामी चुनाव में निसंदेह भाजपा की सरकार बनने जा रही है। 000 समय से होनी चाहिए दिशा की बैठक, हमारी सरकार बनने पर शिक्षा और स्वास्थ्य पर काम होगा- सांसद बर्क दिशा की बैठक से निकलकर आए सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस बार दिशा की बैठक लंबे समय बाद हुई है। यह समय पर होनी चाहिए। आगे कहा कि विभागों के अधिकारियाें को कहा गया है कि तय समय में काम पूरे कराए जाएंगे। लाभार्थियाें को सरकार की योजनाएं पहुंचाने का भी निर्देश दिया है। एक सवाल के जवाब में सासंद ने कहा कि 2027 में सपा की पूर्णबहुमत से सरकार बनने जा रही है। हमारी सरकार बनेगी तो शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़कों के काम कराए जाएंगे। साथ ही जो काम भाजपा सरकार में सपा शासन के रूके हुए हैं उनको पूरा कराया जाएगा। विपक्ष का कोई मार्गदर्शक नहीं, विपक्ष सिद्धांतहीन है- राज्यमंत्री दिशा की बैठक से निकलकर चंदौसी की विधायक व राज्यमंत्री गुलाब देवी ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि विपक्ष सिद्धांतहीन है। उनका कोई मार्गदर्शक तक नहीं। विपक्ष तरह-तरह की बाते करता है। जनता के हित में कोई बात नहीं हो रही है। जो बाते हैं वह बेअसर बाते हैं। इनसे कुछ नहीं होगा। 2027 में निसंदेह भाजपा की सरकार बनेगी। जनता के हित में सरकार ने काम किए हैं और काम करेंगे। आगे कहा कि दिशा की बैठक में अधिकारियों से कहा गया है कि सरकार की योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए। जिससे लाभार्थियों को पूरा लाभ मिल सके।