रायबरेली में बछरावां के शेषपुर समोधा स्थिति जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में बच्चों के बवाल के बाद शनिवार को डीएम सरनीत कौर ब्रोका सच जानने के लिए पहुंचीं। मामले में पहले ही वरिष्ठ सहायक को निलंबित किया जा चुका है। प्रिंसिपल के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। डीएम ने बच्चों ने बात की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बच्चों को सभी सुविधाएं मुहैया कराने का भरोसा दिया। डीएम ने विद्यालय परिसर, शिक्षण कक्षों, प्रयोगशाला (लैब), रसोईघर, डायनिंग हाल व छात्रावास का बारीकी से निरीक्षण किया। निर्देशित किया कि छात्रों को पौष्टिक, गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए। छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं व विद्यालय की व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। डीएम ने बताया कि ग्रामीण फीडर होने के कारण बिजली आपूर्ति में कुछ समस्या आ रही है। बिजली व्यवस्था से संबंधित समस्या का शीघ्र निराकरण कराया जाएगा। विद्यालय के भवन संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के साथ यहां उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। स्पोर्ट्स सुविधाओं को भी सुदृढ़ एवं विकसित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डायनिंग हाल में एक वाटर कूलर, छात्रावास के लिए एक फ्रिज व दो कूलर तत्काल उपलब्ध कराए गए। इस मौके पर सीडीओ अंजूलता, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल, सीओ प्रदीप कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी आरवी सिंह, प्रधानाचार्य अवधेश प्रसाद आदि मौजूद रहे।