मेरठ में बेगमपुल के पास राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) ग्राउंड में खादी एवं ग्रामोद्योग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 16 से 25 अक्टूबर 2026 तक चल रहे इस 10 दिवसीय मेले में खादी और हैंडलूम के कपड़े, ऊनी व सूती परिधान, बनारसी सिल्क साड़ियां, कश्मीरी शॉल, हस्तनिर्मित सजावटी सामान, टेराकोटा क्राफ्ट, मिट्टी के उत्पाद और विभिन्न खाद्य सामग्री उपलब्ध हैं। मेले में शहद, जैविक उत्पाद और आयुर्वेदिक दवाइयां भी बिक्री के लिए रखी गई हैं। खादी फैशन शो में आधुनिक अंदाज में खादी के परिधानों का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा स्वदेशी थीम पर कवि सम्मेलन, मोमबत्ती निर्माण कार्यशाला, स्वरोजगार से जुड़ी कार्यशालाएं, स्टार्टअप प्रतियोगिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी मेले के प्रमुख आकर्षण हैं।