मेरठ। ब्रह्मपुरी में शनिवार सुबह आवारा कुत्तों ने एक गोवंश पर हमला कर दिया और गोवंश को नोंच कर बुरी तरह घायल कर दिया। पेट फट जाने के कारण गोवंश के शरीर से खून की धार बहने लगी। गोरक्षा दल के सदस्य पुनीत धानक और रोहित गौतम ने पशु चिकित्सक डॉ. महावीर से उपचार कराया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए कृषि विवि स्थित पशु चिकित्सालय के गोवंश को रेफर कर दिया गया। आरोप है कि यहां चिकित्सकों ने गोवंश के उपचार में देरी की, जिस कारण गोवंश की मौत हो गई, जिस पर कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए धरना शुरू कर दिया। पुनीत धानक और रोहित गौतम ने बताया कि कुत्तों ने गोवंश को बुरी तरह नोंच रखा था, काफी दूर तक सड़क पर खून ही खून दिखाई दे रहा था। बताया कि डॉ. महावीर के कहने पर वह कैंटर में गोवंश को लेकर सुबह साढ़े आठ बजे विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे। आरोप लगाया कि उन्होंने चिकित्सकों से उपचार के लिए संपर्क किया, लेकिन उन्होंने उपचार शुरू नही किया। दो घंटे बाद भी उपचार नहीं करने पर उन्होंने फिर से संपर्क साधा तो चिकित्सकों ने सुविधा शुल्क मांगा, साथ ही पर्चा लिखकर बाहर से दवाई लाने को कहा। कार्यकर्ता बाहर से दवाई लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने फिर भी उपचार शुरू नहीं किया, जिस कारण गोवंश ने तड़प तड़पकर दम तोड़ दिया। गोवंश की मौत होने पर उन्होंने मामले की जानकारी पदाधिकारियों व अन्य कार्यकर्ताओं को दी। पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकत्रित होकर मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। कार्यकर्ता लगभग ढाई बजे धरने पर बैठ गए और लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों पर कार्रवाई की मांग की। हंगामे और धरने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पदाधिकारियों ने कहा कि यह लापरवाही गोहत्या से कम नहीं है, जब तक लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों पर कार्रवाई नहीं की जाएगी धरना खत्म नहीं होगा। धरने पर नितिन, अमित प्रजापति, बंटी बजरंगी, हिमांशु शर्मा, विशाल, पवन, रोहित, संदीप मलिक आदि मौजूद रहे।