मथुरा में बरसाना में राधारानी मंदिर के समीप गुरुवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वृंदावन जा रही एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। कार से सायरन जैसी आवाज आने पर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल वाहन रोक दिया और नीचे उतर गया। उसके कार से बाहर निकलते ही वाहन धधक उठा। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। चालक के समय रहते बाहर निकल आने से बड़ा हादसा टल गया। मांट क्षेत्र के गांव जावरा के मजरा नगला बरी निवासी राजू पुत्र धर्मपाल सिंह गुरुवार सुबह करीब पांच बजे अपनी कार से वृंदावन जा रहे थे। राधारानी मंदिर के समीप पहुंचते ही अचानक कार से सायरन जैसी आवाज आने लगी। किसी अनहोनी की आशंका पर राजू ने तत्काल कार सड़क किनारे रोक दी और जांच के लिए नीचे उतर गए। राजू के अनुसार जैसे ही वह कार से बाहर निकले, अचानक वाहन में आग लग गई। कुछ ही क्षणों में आग तेजी से फैल गई और पूरी कार आग की लपटों से घिर गई। देखते ही देखते कार बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। आग की चपेट में आने से कार में रखा कुछ सामान और नकदी भी जल गई। घटना के दौरान कार में आग लगने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि चालक ने आवाज सुनते ही कार रोककर समय रहते बाहर निकलने का निर्णय लिया। यदि वह कुछ देर और वाहन के अंदर रहता तो बड़ा हादसा हो सकता था।